--8.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया सिटी का मिनिमम टेंपरेचर

रांची : कांके से अधिक ठंड रांची में रही। पूरे प्रदेश में सोमवार को सबसे कम तापमान रांची में 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कांके का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान की अपेक्षा रांची के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सोमवार के तापमान की तुलना में रांची के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि व न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री की गिरावट रही।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन कमजोर

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन कमजोर हो चुका है। वहीं इस सिस्टम से जुड़ा टर्फ भी खत्म हो चुका है। सोमवार की रात से उत्तर-पश्चिम की ओर से आ रही बर्फीली हवा के कारण तापमान में गिरावट आई है। फिलहाल सुबह में ठंड के साथ-साथ कनकनी भी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सुबह में कोहरा छाया रहेगा और बाद में आसमान साफ रहेगा। 22 जनवरी को सुबह में कोहरे की धुंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि 23-24 जनवरी को सुबह में कोहरा छाने के बाद आसमान साफ रहेगा।

पुटकी में सबसे अधिक बारिश 5.6 मिमी।

पिछले 24 घंटे (रविवार की सुबह 8:30 से सोमवार की सुबह 8:30 बजे तक) राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। राज्य के दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा भी छाया रहा। जबकि उत्तर-पश्चिमी (डालटनगंज) भाग में कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनी रही। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश पुटकी (धनबाद) में 5.6 मिमी। दर्ज की गई। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि 22 जनवरी को राज्य के उत्तरी-पश्चिमी व दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्के दर्जे की बारिश या गरज होने की संभावना है। 23-24 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों तक सुबह के समय एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है और रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।

सोमवार का तापमान (डिसे। में)

शहर अधिकतम न्यूनतम

रांची 22.4 8.6

कांके 18.9 9.5

जमशेदपुर 24.2 15.7

Posted By: Inextlive