--रांची के सिल्ली में एक साथ मिले 10 मरीज, खूंटी भी पहुंच गया संक्रमण

--28 नए कोरोना पॉजिटिव, 22 हुए स्वस्थ, 405 हुई कुल मरीजों की संख्या

- राज्य में अब 231 सक्रिय मरीज, 171 लोग हो चुके हैं स्वस्थ

- झारखंड में अब केवल साहिबगंज ही है कोरोना से अछूता

- नए मरीजों में ज्यादातर महाराष्ट्र, राजस्थान व गुजरात से लौटे प्रवासी

रांची : झारखंड में कोरोना के मरीजों का मिलना लगातार जारी है। एक दिन पूर्व रविवार को जहां राज्य में 27 नए पॉजिटिव केस मिले थे, वहीं सोमवार को भी 28 नए मरीज मिले। इनमें रांची के सिल्ली के 10, लातेहार के पांच, सिमडेगा के तीन, गढ़वा, रामगढ़ तथा बोकारो के दो-दो और पूर्वी सिंहभूम, पलामू, खूंटी व गुमला के एक-एक नए मरीज शामिल हैं। नए मरीजों में अधिसंख्य प्रवासी मजदूर हैं। अच्छी बात यह है कि राज्य में सोमवार को 22 मरीज स्वस्थ भी हुए। इनमें गढ़वा के 14, हजारीबाग के सात तथा रांची के एक मरीज शामिल हैं। राज्य में कोरोना के 28 नए मरीज मिलने से यहां वर्तमान में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 230 हो गई है। वहीं राज्य में अबतक मिलनेवाले कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 405 तक पहुंच गई है। इनमें 171 मरीज स्वस्थ हुए हैं।

खूंटी में पहला मरीज

सोमवार को खूंटी में कोरोना का पहला मरीज मिला। इसके साथ ही यह जिला भी अब कोरोना मैप में शामिल हो गया है। झारखंड में अब केवल साहिबगंज जिला ही संक्रमण से बचा हुआ है। खूंटी का मरीज कर्रा प्रखंड के लारता गांव का 25 वर्षीय युवक है, जो 17 मई को मुंबई से बस से लौटा था। सिमडेगा के भी तीनों नए मरीज मुंबई से लौटे थे। वहीं सिल्ली में मिले सभी 10 मरीज अलग-अलग गांवों के हैं जो मुंबई तथा गुजरात से लौटे हैं। बता दें कि राज्य में तीन मई के बाद कोरोना के लगातार मामले मिल रहे हैं। सबसे अधिक मुंबई व सूरत से लौटनेवाले लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।

------

अबतक कहां कितने मरीज

रांची : 125

गढ़वा : 52

हजारीबाग : 45

कोडरमा : 29

पूर्वी सिंहभूम : 25

गिरिडीह : 16

पलामू : 16

बोकारो : 17

गुमला : 11

रामगढ़ : 11

धनबाद : 10

सिमेडगा : 10

देवघर : 05

लातेहार : 09

सरायकेला-खरसावां : 04

पश्चिमी सिंहभूम : 07

लोहरदगा : 02

जामताड़ा : 02

दुमका : 02

चतरा : 01

गोड्डा : 01

पाकुड़ : 04

खूंटी : 01

Posted By: Inextlive