- लकी विनर के नाम पर लगा दिया हजारों का चूना

ALLAHABAD: अगर आपको कोई लकी विनर बताकर कोई इंटरटेन करता है तो सर्तक हो जाएं। क्योंकि ज्यादातर केसेज में ये फ्राड का मामला होता है। सिविल लाइंस के रहने वाले एक व्यक्ति 'चेहरा पहचानों' कांस्टेस्ट के चक्कर में फंस गए। सोचा कि स्कार्पियो मिल जाएगी। गाड़ी तो नहीं मिली उल्टे बैंक एकाउंट जरूर खाली हो गया।

बैंक एकाउंट में जमा कराए रुपए

सूरज विश्वकर्मा सिविल लाइंस एरिया में रहते हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने एक न्यूज पेपर में चेहरा पहचानों नाम से एक विज्ञापन देखा। फिर उसमें दिए गए नंबर पर काल करके सही आंसर बताया। कुछ समय बाद ही उनके पास काल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम संजय शर्मा बताया। कहा कि आप लकी विनर चुने गए हैं। कपंनी की तरफ से आपको फ‌र्स्ट प्राइज स्कार्पियो मिलेगी। स्कार्पियो जीतने की बात सुनकर सूरज की खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने पूछा कि गाड़ी कैसे मिलेगी। उधर से बताया गया कि इसके लिए आपको बस रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। सिक्योरिटी के लिए बैंक एकाउंट में कुछ रुपए जमा करने होंगे। इस बात के लिए सूरज तैयार हो गए। उन्होंने फोन से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित बैंक एकाउंट में रुपए जमा कर दिए।

खा गए गच्चा

सूरज ने फोन आने के बाद आठ हजार रुपए बैंक एकाउंट में जमा कर दिए। फिर फोन करके पूछा कि गाड़ी कैसे मिलेगी। इसके बाद संजय ने फिर एक नई कहानी बताई। फिर रुपए जमा करने की बात कही। अब सूरज को मामला समझ में आ गया तो पुलिस को आपबीती बताई। सिविल लाइंस पुलिस ने इस मामले में संजय के खिलाफ फ्राड का मामला दर्ज कर लिया।

Posted By: Inextlive