रांची: 1857 में अमर शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानायक बड़कागढ़ के महाराजा ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की 203वीं जयंति सोमवार को मनाई गई। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव फाउंडेशन, झारखंड सेनानी कोष संचालन समिति व जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर 3 गोलचक्कर स्थित शाहदेव चौक एचईसी धुर्वा में कार्यक्रम हुआ, जिसमें उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि दी गई। चीफ गेस्ट रांची के सांसद संजय सेठ व स्पेशल गेस्ट खिजरी विधायक रामकुमार पाहन थे। चीफ गेस्ट संजय सेठ ने कहा कि अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की जर्जर प्रतिमा की मरम्मत व यहां लाइट की व्यवस्था सांसद निधि से की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारें शहीदों के सम्मान के लिए काम कर रही हैं।

गीत-संगीत से मन मोहा

कार्यक्रम की अध्यक्षता अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव प्रत्यक्ष उत्तराधिकारी व झारखंड सेनानी कोष संचालन समिति के सदस्य लाल प्रवीर नाथ शाहदेव ने किया। मौके पर जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से नागपुरिया गीत संगीत की मोहक और मधुर प्रस्तुति की गई। ओम मिश्रा मधुर देश भक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों के दिलों में छा गए। मौके पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता दीपक प्रकाश, विनय जायसवाल, झारखंड सरना विकास समिति के अध्यक्ष मेघा उरांव, सचिव कुमदनी लकड़ा, पूजा देवी, संध्या सिंह समेत विभिन्न अमर शहीदों के परिजन मौजूद थे।

Posted By: Inextlive