फल मंडी की हड़ताल ने तोड़ी कमर, बढ़ गए फलों के दाम

सिर्फ दो दिन में 20 से 30 रुपए तक बढ़ गई कीमत

ALLAHABAD: मुंडेरा फल मंडी की हड़ताल के दूसरे दिन ही महंगाई ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। मंगलवार को फलों के दाम में बीस से तीस रुपए की तेजी देखी गई। फल विक्रेताओं का कहना था कि अगर जल्द हड़ताल खत्म नहीं हुई तो फलों की महंगाई होली के रंगों को फीका कर सकती है।

लेना हो तो आइए, वरना जाइए

मंगलवार को फल की दुकानों के भाव बढ़े नजर आए। त्योहार सिर पर है और ऐसे में फलों की खरीदारी तेज हो गई है। दुकान पर पहुंचने वालों को उस समय झटका लगा जब फलों के दाम बीस से तीस रुपए तक महंगे बताए गए। उन्होंने मोलभाव की कोशिश की तो फल विक्रेताओं ने साफ मना कर दिया। उनका कहना था कि मंडी में हड़ताल है और स्टॉक माल बेचा जा रहा है। इसलिए दाम अधिक लेना मजबूरी हो गई।

इतने महंगे हो गए फल

फल कितना महंगा हो गया फल

संतरा 40 से 60 रुपए किलो

अनार 80 से 120 रुपए किलो

अंगूर 70 से 100 रुपए किलो

चीकू 60 से 100 रुपए किलो

केला 40 से 60 रुपए दर्जन

सेब 100 से 110 रुपए किलो

होली पर मुश्किल होगा फल खरीदना

फल विक्रेताओं का कहना है कि महंगे होते ही फलों की बिक्री में गिरावट शुरू हो गई है। अगर हड़ताल दो दिन और चली तो लोगों को त्योहार पर फलों से दूरी बनाना मजबूरी हो जाएगा। खासकर संतरा नागपुर और अंगूर नासिक से आ रहा है। हड़ताल के चलते माल उतर नहीं पा रहा है, ऐसे में बचा हुआ माल मुंह मांगे दामों पर बेचा जाएगा।

अवैध मंडियों के विरोध में पसरा सन्नाटा

मुंडेरा फल सब्जी महासंघ की हड़ताल के चलते फल मंडी में मंगलवार को सन्नाटा पसरा रहा। पदाधिकारियों का कहना था कि फूलपुर, सूबेदारगंज, बैरहना, नखासकोहना आदि फल मंडियां अवैध हैं और इनका कारोबार बंद कराया जाए। इससे फल व्यापारियों और शासन, दोनों आर्थिक क्षति हो रही है। इनको बंद नही कराया गया तो काफी नुकसान हो सकता है।

संतरा, अंगूर और अनार के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। केला भी भुसावल से आ रहा है, जिसके दाम बढ़ रहे हैं। त्योहार पर फलों की महंगाई बढ़ सकती है।

-सुरेश, फल विक्रेता

अवैध मंडियों के खिलाफ चल रही हड़ताल से आम जनता को नुकसान होगा। दो दिन में ही फलों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। आगे भी यही क्रम लगा रहेगा।

-हिमांशु, फल विक्रेता

दो दिन होली के त्योहार को बचे हैं। बुधवार से बिक्री तेज हो जाएगी। मंगलवार को कई ग्राहकों ने फल के दाम बढ़ जाने पर ऐतराज जताया।

-गौतम, फल विक्रेता

लोगों को हड़ताल और शार्टेज से कोई मतलब नही है। वह महंगाई का विरोध करते हैं। आम और सेब को छोड़कर सभी फल डेढ़ गुना तक महंगे हो जाएंगे।

-भोंदू राय, फल विक्रेता

Posted By: Inextlive