गेम ऑफ थ्रोन्स एचबीओ पर आने वाला एक शो है जो जॉर्ज आर आर मार्टिन की नॉवेल सीरीज ए सॉन्ग ऑफ फायर एंड आइस पर आधारित है। 2010 में शुरू हुआ ये टीवी सीरियल शोहरत भव्यता धोखे सत्ता के लिए जंग नफरत और प्यार की कहानी है। जिसमें मुकुट यानि सत्ता की ताकत पाने के कोई भी मूल्य देने के लिए हर करेक्टर तैयार है किसी भी स्तर तक गिरने में किसी को हिचक नहीं है। फिर भी इस शो का कुछ ऐसा आकर्षण है कि पूरी दुनिया में लोग इसके दीवाने हैं। जाने इस शो के बारे में और इसकी कुछ खास बातें।

सेवेन किंगडम की दास्तान
गेम ऑफ थ्रोन्स काल्पनिक वेस्टरोज साम्राज्य की कहानी है। इस साम्राज्य के तख्त यानी आयरन थ्रोन पर कब्जा करने के लिए संघर्ष के दौरान कहानी में कई किरदार, कई राज्य और कई धोखे सामने आते हैं। वेस्टरोज एक विशाल साम्राज्य है जिसमें 7 अलग-अलग बड़े राजघराने हैं जो सेवेन किंगडम कहलाते हैं और आयरन थ्रोन पाने वाला उनका शासक होता है। ये राजघराने हैं टारगैरियन, बैरथियोन, स्टार्क, लैनिस्टर, ग्रेजॉय, मार्टेल, टाइरेल, एरिन और टली। टाइगैरियन राजाओं ने बाकी 5 राज्यों को हराकर और डॉर्न राज्य से शादी का रिश्ता जोड़ कर पूरे वेस्टरोज पर शासन कायम किया था, लेकिन बाद में रॉबर्ट बैरॉथियन ने नेड स्टार्क की मदद से आयरन थ्रोन हासिल कर लिया और आखिरी टाइगैरियन राजा अपने ही अंगरक्षक किंगस्लेयर कहलाने वाले जेमी लैनिस्टर के हाथों मारा गया। टाइगैरियन परिवार में राजा के दो बच्चों को छोड़कर कोई नहीं बचता।
सफर की शुरूआत
2010 में आये गेम ऑफ थ्रोन्स के पहले सीजन के फर्स्ट एपिसोड में रॉबर्ट बैरॉथियन सेवेन किंगडम का राजा है, और लैनिस्टर परिवार में जेमी लैनिस्टर उसका अंगरक्षक,सरसी लैनिस्टर महारानी है और टाइविन लैनिस्टर उसके सलाहकारों में शामिल हैं। जेमी और सेरसी भाई बहन होने के साथ प्रेमी भी हैं। नेड स्टार्क राजा का दोस्त, वफादार साथी और सलाहकार भी है।


सेवेन किंगडम के बाहर की दुनिया
वॉल: वेस्टरोज की उत्तरी सीमा के पार जंगल में आदिवासी जातियां रहती हैं। जिनसे रक्षा के लिए बनी विशाल दीवार वॉल है। इसकी सुरक्षा नाइट वॉचर करते जिनको अविवाहित रहना होता है। उन्हें ब्लैक ब्रदर्स या क्रोज भी कहा जाता है।
वाइल्डलिंग्स: वॉल के पार रहने वाली आदिवासी जातियां वाइल्डलिंग्स हैं। इन्हीं जंगलों में द अदर्स या वाइट वाकर्स रहते हैं, जिनके पास अद्भुत शक्तियां हैं और ये केवल एक खास तलवार से मारे जा सकते हैं। ये जिसे मारते हैं उन्हें अपनी तरह वाइट वाकर्स बना लेते हैं। इन्हीं जंगलों में वेस्टरोज की सदियों पुरानी मूल आबादी के लोग चिल्ड्रन ऑफ द फॉरेस्ट भी रहते हैं, इनके पास भी जादुई शक्तियां हैं।
दो अन्य महाद्वीप: इस कहानी में एसोस और सोथोरियोस महाद्वीप भी हैं। एसोस में कई स्वतंत्र शहर हैं जिनमें से कई में दासप्रथा चलती है और टाइगैरियन राजा की मौत के बाद उनके बच्चे विसेरियस और डैनैरिस टार्गेरियन यहीं भाग आए थे।
आखरी सीजन तक आये मुख्य किरदार
डैनैरिस टार्गेरियन: वह आखिरी टाइगैरियन राजा की बेटी जो जान बचाकर एसोस के पेंटोस शहर पहुंची और उसकी शादी घुड़सवार जाति के खाल यानी मुखिया ड्रोगो के साथ हुई। वो तीन ड्रैगन की मालिक बनी और मदर ऑफ ड्रैगन कहलाई। आखीर में उसके पास एक ही ड्रैगन बचा है।


जॉन स्नो: विंटरफेल के लॉर्ड नेड स्टार्क की अवैध संतान जॉन स्नो फिलहाल नाइट वॉच का मुखिया और विंटरफेल का राजा है। उसने वाइल्डलिंग्स को वाइट वाकर्स से बचाने के लिए उन्हें वेस्टरोज में घुसने दिया था जिससे नाराज उसके ही कुछ साथियों ने उसे मार डाला था पर जादूगरनी मेलिसैंडरे ने उसे फिर से जीवित कर दिया। वास्तव में जॉन स्नो नेड स्टार्क की अवैध संतान नहीं बल्कि आखिरी टाइगैरियन युवराज राइगर और नेड की बहन लियाना का बेटा है जिसे नेड ने सच छिपाकर पाला था। इस तरह वो ही सेवेन किंगडम के ताज का वारिस है।

टीरियन लैनिस्टर: बौना होने के कारण उसे 'इंप' के नाम से बुलाया जाता है। वह टाइरियन टाइविन लैनिस्टर का छोटा बेटा,  सरसी और जेमी का छोटा भाई है। टीरियन बेहद तेज दिमाग माना जाता है। वो अपने पिता की हत्या कर के एसोस भाग जाता है। जहां उसकी मुलाकात डैनैरिस से होती है और वह ुसका साथी बन गया है।


सरसी लैनिस्टर: वेस्टरोज की महारानी है और रॉबर्ट की मौत के बाद उसके दो बेटे राजा बने लेकिन दोनों की मौत हो गई। जिसके बाद वो खुद शासक बन गई। फिल्हाल षड़यंत्रकारी दिमाग की मानी जाने वाली सरसी को जेमी के साथ राजमहल के मलबे में दब कर मरा मान लिया गया है।
आर्या स्टार्क: नेड स्टार्क की सबसे छोटी बेटी है जो पिता के मारे जाने के बाद भाग निकलती है और अब एक प्रशिक्षित योद्घा है। वह अपने पिता और परिवार के हत्यारों को खत्म करने के लिए कमर कसे है।

सांसा स्टार्क: आर्या की बड़ी बहन और नेड स्टार्क की बड़ी बेटी जो सरसी और उसके बेटे के जुल्मों का शिकार बनती है और एक दिन किंग्स लैंडिग से भाग निकलती है। अब वो काफी शक्तिशाली हो चुकी है और अपना और अपने परिवार का बदला लेने को तैयार है।

 

Posted By: Molly Seth