एसएसपी के आदेश पर एक नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ कर्नलगंज में दर्ज हुआ मुकदमा

ALLAHABAD: कर्नलगंज थाना क्षेत्र में चलती कार में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर शनिवार देर रात कर्नलगंज थाने की पुलिस ने अशोक मौर्या व तीन अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। हालांकि पुलिस पुरे प्रकरण को संदिग्ध बता रही है।

झांसा देकर वाहन में बैठाया

घूरपुर क्षेत्र की महिला सिटी में फेरी लगाकर सामान बेचती है। उसका आरोप है कि 16 जून को वह कर्नलगंज क्षेत्र के बैंक रोड पर खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी सफेद रंग की एक बोलेरो आई और उसमें सवार व्यक्ति ने पूछा कि कहां चलना है। महिला ने घर जाने की बात कही तो कार सवार ने छोड़ने की बात कहते हुए बोलेरो में बैठा लिया।

मुंह दबाकर चार ने किया रेप

कुछ दूर जाने पर युवकों ने उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। जब महिला ने उनकी हरकतों का विरोध किया तो कार सवार लोगों ने धमकी देते हुए मुंह दबा दिया। फिर चार युवकों ने चलती कार में दुष्कर्म किया। इसके बाद रास्ते में उतारकर फरार हो गए। पीडि़ता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को बताया। घरवाले उसे लेकर घूरपुर थाना पहुंचे, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। तब युवती नेएक अधिवक्ता से संपर्क किया।

एसएसपी से मिली पीडि़ता

अधिवक्ता उसे लेकर एसएसपी दफ्तर गए और शिकायत की। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र सिंह का कहना है कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अशोक मौर्या चोपन के पटबंध का निवासी बताया जा रहा है लेकिन पीडि़ता का कहना है कि वह अशोक को ठीक से नहीं जानती है। इस आधार पर मामला संदिग्ध लग रहा है।

मुकदमा दर्ज कर सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। मामला सही पाए जाने पर आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सत्येंद्र सिंह, इंस्पेक्टर कर्नलगंज

Posted By: Inextlive