-गंगा दशहरा पर्व पर दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन

ALLAHABAD: गंगा दशहरा के पावन पर्व पर गुरुवार को मां गंगा की आरती करके भक्तों ने मां गंगा को याद किया। गंगा महोत्सव के मौके पर कहीं नाटक का मंचन हुआ तो कहीं संगोष्ठी का आयोजन। गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में संगम में पुण्य की ड़ुबकी भी लगाया। हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से चल रहे गंगा महोत्सव के कार्यक्रम में आरती के बाद विशाल भंडारा का आयोजन किया गया।

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के वनस्पति विभाग में गंगा दशहरा पर विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दीनानाथ शुक्ल ने कहा कि अमृतमयी गंगा को बचाने के लिए समस्त जन मानस को एक होकर आगे आना होगा। वहीं दूसरी ओर से प्रयाग संगम आरती समिति की ओर से गंगा दशहरा के पावन अवसर पर दशम गंगा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगम नोज पर न्यायमूर्ति अरुण टंडन, न्यायमूर्ति विमलेश शुक्ला, न्यायमूर्ति रविन्दर सिंह, न्यायमूर्ति रमेश सिंह, डीआईजी बृज भूषण शर्मा, पूर्व कमिश्नर बादल चटर्जी, डीएम कौशल राज शर्मा आदि गंगा महोत्सव में शामिल रहे। इसी तरह प्रयाग राज सेवा समिति की ओर नागबासुकि मंदिर दारागंज में मां गंगा की दशा व दुर्दशा पर एक नौटकी का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से पब्लिक को यह बताने की कोशिश की गई कि हम कैसे अपने फायदे के लिए मां गंगा की यह हालत कर दिए हैं.इस दौरान विष्णु दयाल श्रीवास्तव, धर्मराज पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive