उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश।

DEHRADUN: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ निचले इलाकों में बारिश हुई। बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे भूस्खलन से बंद हो गया है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

 

ऊंची पहाडि़यों पर हिमपात

फ्राइडे को केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में दोपहर बाद घने बादल छा गए। शाम को केदारनाथ और बदरीनाथ की चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया। गंगोत्री और यमुनोत्री में बारिश हुई। बारिश से उत्तरकाशी से दस किलोमीटर दूर गंगोत्री की ओर हाईवे पर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ। आशीष चौहान ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मलबा हटाने में जुट गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मार्ग पर यातायात सुचारु हो जाएगा। मौसम में आए बदलाव के कारण पारे में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रिकार्ड किया गया। पिथौरागढ और बागेश्वर जिले में ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में ओले गिरे।

Posted By: Inextlive