- शहर के डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अब भी कागजों में ही, 70 वार्ड से नहीं उठ रहा कूड़ा

-कूड़ा कलेक्शन न होने की वजह से लोगों की बढ़ी परेशानी

-जगह-जगह फेंक दिए जा रहे कूड़े, संक्रमण का खतरा

GORAKHPUR: शहर में नगर निगम की तरफ से चलाया जा रहा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पूरी तरह से सुस्त पड़ गया है। निगम के 70 वार्डो में सफाई कर्मियों से कूड़ा कलेक्शन का काम नहीं हो पा रहा है। इसकी वजह से कई मोहल्लों में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जिससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है। आलम यह है कि कूड़ा न उठने की वजह से गुस्साएं लोगों ने कूड़ा देना ही बंद कर दिया है और सड़कों पर कूड़ा फेंक रहे हैं। जिससे आसपास के लोगों का रहना दूभर हो गया है।

हटा दिए डस्टबिन और बकेट

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को बढ़ावा देने के लिए सड़क किनारे लगे डस्टबिन और बकेट को हटा दिया गया है। जिसके चलते मजबूरन लोग गलियों के कोने में कूड़ा फेंक रहे हैं। अलहदादपुर इलाके के रहने वाले प्रमोद सिंह ने बताया कि तीन माह से कूड़ा लेने वाला आ ही नहीं रहा है। पहले दो तीन दिन में एक दिन नजर भी आते थे। डस्टबिन न होने से मजबूरी में कूड़ा सड़क के किनारे भी फेंकना पड़ता है। बारिश के दिनों में कूड़े से तेज बदबू आती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

16 लाख आबादी पर 21 सौ सफाई कर्मी

शहर के 70 वार्डो में लगभग 16 लाख की आबादी हैं। ऐसे में नगर निगम के पास सिर्फ 21 सौ सफाई कर्मी हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इतनी कम फौज के साथ नगर निगम सफाई के खिलाफ कैसे जंग लड़ रहा है। इन सफाई कर्मियों पर शहर के नाला सफाई से लेकर वार्डो तक की सफाई का जिम्मेदारी है। इतना ही नहीं डोर-टू-डोर कूड़ा कनेक्शन का काम भी इन्हें ही करना है। जबकि निगम काफी समय से कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी प्राइवेट संस्था के हवाले करने का दावा कर रहा है लेकिन समय बीतने के साथ ऐसा नहीं हो सका। आलम यह है कि कूड़ा वार्ड में फैसला हुआ है।

काफी समय से सुना जा रहा है निगम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करवा रहा है, लेकिन वार्ड में आज तक कूड़ा कलेक्शन वाले कर्मियों को नहीं देखा गया।

प्रमोद, मानस विहार

कूड़ा कलेक्शन तो दूर की बात है। सफाई कर्मी भी वार्ड में नहीं दिखते। जब इसकी शिकायत पार्षद से की जाती है, तब जाकर सफाई कर्मी पहुंचते हैं। यहां की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है।

सर्वजीत मल्ल, शिवपुर शहबाजगंज

पहले कर्मचारी घर-घर से कूड़ा कलेक्ट करते थे। लेकिन इधर कई दिन हो गए। कलेक्शन नहीं हो रहा है। इसलिए कई लोग सड़कों पर ही कूड़ा फेंक देते हैं।

भरत, अलहदादपुर

शहर में कूड़ा कलेक्शन के लिए निजी कंपनी को ठेका दिया जाना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू हो जाएगा।

डॉ। मुकेश रस्तोगी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

Posted By: Inextlive