दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर गैरी कर्स्टन एक बार फिर चर्चा में छा गए हैं। उन्‍होंने इस बात का खुलासा किया है कि बीसीसीआई ने उन्‍हें भारतीय टीम का नया कोच बनाने के लिए काफी एप्रोच किया है। उन्‍हें कॉल भी की है लेकिन वह अभी कोई निर्णय भी नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि इस दौरान उन्‍होंने एक इंटरव्‍यू में भारतीय टीम के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ की है।


धोनी की आलोचना क्यों


2011 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कोच रहे गैरी कर्स्टन ने कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी जगह कोई भी नहीं ले सकता है।पूर्व दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज कर्स्टन ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम पर धोनी की शानदार पारी का मजा टीवी पर देखकर उठाया। एक इंटरव्यू में कर्स्टन का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि लोग धोनी की आलोचना क्यों कर रहे हैं। लोग जब कह रहे हैं कि उसे टीम छोड़कर जाना चाहिए तो उन्हें हैरानी हो रही है।कर्स्टन ने आगे कहा कि वह हमेशा से कहते आए हैं कि धोनी महान खिलाड़ी है। उन्होंने उसके साथ एक कोच के तौर पर काम किया है। वो महान क्रिकेटर है। वो भारत के महान खिलाड़ियों में शुमार होगा और नहीं तो महानतम कप्तान कहा जाएगा। उसका प्रदर्शन पूरी दास्तान खुद ही बयां करता है। आपको उसके प्रदर्शन पर नजर डालनी चाहिए।टीम में धोनी का खौफ

कर्स्टन ने मुताबिक आज भी विरोधी टीम में धोनी का खौफ है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी टीम खुश होती अगर धोनी टीम इंडिया में नहीं होते। उसको कौन रिप्लेस करेगा विराट कोहली तो नंबर-3 पर बल्लेबाजी करता है। धोनी के औसत पर नजर डालिए। उन्हें लोगों की सोच समझ ही नहीं आ रही है। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि धोनी की बल्लेबाजी अब खराब हो रही है। उन्होंने कहा- इंदौर में बुधवार को कुछ बड़े अच्छे शॉट देखे। मीडिया इस तरह अच्छे खिलाड़ियों को क्यों गिराता है? वो भारत के महातम खिलाड़ियों में शुमार है। क्या मीडिया ऐसा सचिन के साथ करेगी? यह बहुत गलत है।

inextlive from Cricket News Desk

Posted By: Shweta Mishra