RANCHI: नामकुम थाना क्षेत्र के नामकुम-टाटीसिलवे मार्ग पर सिपही नदी पुल के नीचे शुक्रवार की सुबह लगभग 9.30 बजे एक अज्ञात नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया। लोगों ने इसकी सू्रचना नामकुम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस ने बताया है कि नाबालिग की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस नाबालिग की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि नाबालिग को वहां लाकर फेंक दिया गया होगा या उसकी हत्या कर शव नदी में फेंका गया होगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जांच करने रांची आएगी खूंटी पुलिस

चुटिया इलाके से बुधवार को गायब जिस 22 वर्षीया युवती का शव खूंटी पुलिस ने कांची नदी पुल के नीचे से बरामद किया है, वो युवती 11 दिसंबर से लापता थी। युवती के पिता झारखंड पुलिस में हवलदार हैं। पुलिस आशंका जता रही है कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसकी हत्या की गई है। युवती के हत्यारों की तलाश में खूंटी पुलिस रांची आएगी और मामले में छानबीन करेगी। युवती का शव जिस कुजराम गांव के कांची नदी पुल के नीचे से मिला है, उस नदी में चट्टान भी हैं। शव का आधा हिस्सा पानी में और आधा चट्टान पर था। पुल से नदी की गहराई लगभग 100 फीट से भी ज्यादा है। रांची-टाटा रोड और दसमाइल से दशम फॉल के पश्चिमी हिस्से में जाने के रास्ते में यह पुल स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे युवती को पुल के ऊपर से नीचे फेंक दिया गया हो। माना जा रहा है कि ऊंचाई से गिरकर चट्टानों से टकराने के बाद उसकी मौत हो गई।

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है। युवती रांची से ही अपने प्रेमी के साथ चली होगी। उसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर बहस हुई होगी और प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी होगी। पुलिस उस लड़की के साथ आए लड़के की तलाश कर रही है।

Posted By: Inextlive