- बुंदू कटरा स्थित होटल में प्रेमिका को किया आग के हवाले

़- 70 प्रतिशत शरीर झुलसा, गंभीर हालत में दिल्ली किया रेफर

आगरा। थाना सदर के बुंदू कटरा स्थित एक होटल के कमरे में युवती को जिंदा आग के हवाले कर दिया गया। मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का आरोप उसके प्रेमी पर है। दोनों के प्रेम संबंध के बारे में परिजनों को भी जानकारी थी। पुलिस को युवती गंभीर झुलसी होटल की सीडि़यों पर बैठी मिली। वह 70 प्रतिशत झुलस चुकी है। गंभीर हालत में उसे आगरा से दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।

मामा के यहां पर रह रही थी लड़की

मूलरूप से वॉटर व‌र्क्स निवासी 19 वर्षीय युवती पिछले एक साल से रोहता में अपने मामा के साथ रहती है। ढाई वर्ष पहले इटौरा में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। यहां एक युवक से उसके प्रेम संबंध हो गए। युवक के पिता सैन्य कर्मचारी हैं। युवती के भाई ने बताया किदोनों ने परिजनों के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा। परिजन इस पर विचार कर रहे थे। युवती ने ब्यूटी पार्लर छोड़ टीडीआई मॉल के पास एक होटल में काम शुरू कर दिया। दोनों की मुलाकात जारी रही। युवक के परिजनों का कहना था कि 10 फरवरी को एक रिश्तेदार की शादी में लड़का उसे लेकर आया। परिवार के लोगों से उसे मिलवाया। लड़का पक्ष को युवती पसंद नहीं आई। उन्होंने रिश्ते से इंकार कर दिया। फिर भी दोनों में मुलाकात जारी रहीं।

सुबह दोनों घर से निकले

लड़के के परिजनों ने बताया कि लड़का कुछ काम नहीं करता था। युवक सुबह अपने घर से निकला। युवती भी सुबह साढ़े आठ बजे करीब घर से होटल जाने की बात बोल कर निकली। चौराहे के पास तक उसे मां छोड़ने आई। इसके बाद वह युवक के साथ चली गई। दोनों बुंदू कटरा स्थित एक होटल में पहुंचे। बताया गया है कि युवती इस होटल में पूर्व में काम कर चुकी है। दोनों बिना आईडी और बिना एंट्री के होटल के रूम नम्बर 103 में रुके थे। होटल के कमरे में सुबह नौ बजे करीब दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि युवक ने युवती पर मिट्टी को तेल छिड़क उसे आग के हवाले कर दिया। युवती को लपटों में घिरा देख युवक भाग निकला। युवती करीब 70 प्रतिशत झुलस गई। साढ़े नौ बजे करीब पुलिस मौके पर पहुंची। एसएन भेजा, जहां से उसे दिल्ली के रेफर कर दिया गया।

दो कहानी बन रही मौके पर

पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर थाना सदर एके सिंह के मुताबिक लड़के का कहना है कि वह आगरा आया। इसके बाद लड़की यहां पर आई। लड़की ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा ली। जबकि लड़की का कहना है कि लड़के ने उससे एक हजार रुपये मांगे। मना किया तो लड़के ने मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा दी। पुलिस दोनों के बयानों की जंाच कर रही है।

होटल पर भी लग रहे हैं आरोप

युवती को लपटों में घिरा देख होटल कर्मी कमरों में छिप गए। घटना के बाद होटलकर्मी किसी को भी अंदर नहीं जाने दे रहे थे।

बुंदू कटरा स्थित इस होटल पर क्षेत्रीय लोगों ने भी संगीन आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि यहां पर पहले शू फैक्ट्री थी। दो साल पहले होटल बना दिया। आरोप है कि पुलिस की सेटिंग से होटल में सेक्स रैकेट चलता है। रोज नए जोड़े आते हैं। होटल संचालक दबंग है, जिससे कोई विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।

मना करने पर लगाई आग

पुलिस की गिरफ्त में युवक का कहना था कि वह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा है। लड़की उस पर शादी का दबाव बना रही थी। मना करने पर आवेश में आकर मिट्टी का तेल डाल कर उसने आग लगा ली। लड़के ने आग बुझाने का प्रयास किया।

परिजनों ने साधी चुप्पी

युवक की भाभी ने बताया कि वह भाई का मोबाइल साथ ले गया। बताया गया हे कि दो हफ्ते पहले उसने लड़की का मोबाइल यह बोल कर ले लिया कि उसका मोबाइल खराब हो गया है। इस मामले में लड़की के परिजनों चुप्पी साध रखी है। जबकि दोनों के परिजन उनके बारे में जानते थे।

Posted By: Inextlive