- पिपराइच एरिया में अल सुबह हुई मुठभेड़, चली गोलियां

- हिरासत में छह संदिग्ध, क्राइम ब्रांच कर रही पूछताछ

GORAKHPUR: मुर्गा कारोबारियों को सप्लाई देने के बहाने बुलाकर लूटने वाले बदमाशों की धर पकड़ में जमकर पटका पटकी हुई। सादे कपड़ों में बदमाशों की घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। एक दरोगा को पटककर पिटाई की। हिम्मत दिखाते हुए फोर्स ने छह लोगों को पकड़ लिया। उसने पूछताछ करके पुलिस लूट की कई वारदातों का पर्दाफाश करने की कोशिश में जुटी है। मामला पिपराइच एरिया का है। क्राइम ब्रांच की टीम भी पिपराइच थाने पर पहुंची।

मुर्गा देने के लिए बुलाया, पुलिस ने जाल बिछाया

चिलुआताल, बालापार निवासी निजामुद्दीन मुर्गा का कारोबार करते हैं। एक व्यक्ति लगातार उनको सस्ते दामों पर मुर्गा देने की बात कर रहा था। 29 जून को पिपराइच एरिया के महतनयिा, बेलाकाट में सप्लाई देने की बात तय हुई। कारोबारी के मुनीम अनीस अंसारी, लेबर शैलेष और ड्राइवर मुर्गा लेने पहुंचे। तभी वहां पहले से मौजूद तीन बदमाशों ने मुनीम और अन्य कर्मचारियों को काबू करके असलहे के बल पर एक लाख 35 हजार रुपए नकदी और तीन मोबाइल फोन लूट लिया। पीडि़तों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। बुधवार की रात फिर से बदमाशों ने कुछ नए कारोबारियों को मुर्गा देने के लिए बुलाया। इसकी भनक लगने पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने का जाल बिछाया। पहले से तय स्थान पर गाड़ी लेकर पहुंच गए।

दरोगा ने दबोचा, जमकर हुई हाथापाई, फायरिंग

पुलिस के साथ लूट के शिकार मुर्गा कारोबारी के कर्मचारी भी थे। सादे कपड़ों में मौजूद पांच-छह पुलिस कर्मचारी दूर खड़े होकर बदमाशों का इंतजार करने लगे। तभी तीन-चार युवक पहुंचे। उन लोगों ने मुर्गा कारोबारी के ड्राइवर को पीटना शुरू कर दी। उनको पकड़ने के लिए दरोगा आगे आए तो बदमाशों ने पटक दिया। फिर उनकी पिटाई करने लगे। अन्य पुलिस कर्मचारियों के आने पर बदमाशों ने पिस्टल और तमंचे से गोली दागनी शुरू कर दी। पुलिस के तेवर में आने पर तीन बदमाश पकड़े गए। अन्य वहां से फरार हो गए। तीनों को पकड़कर पुलिस पिपराइच थाने पर ले गई। वहां पूछताछ के बाद तीन अन्य को दबोच लिया। मामले की जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम भी पहुंची।

Posted By: Inextlive