- चौकी प्रभारी ने कराया इंतजाम, यात्रियों को भेजा गया घर

- थानेदार और दरोगाओं ने किया प्रबंध, आपदा में कराएंगे भोजन

GORAKHPUR: हम लोग ट्रेन में सबको खाना-पानी उपलब्ध कराते हैं लेकिन ऐसी हालत है कि खुद पांच दिनों से अन्न-अन्न को मोहताज हो गए हैं। मुंबई से चलकर किसी तरह से गोरखपुर पहुंचे हैं। मुंबई से इटारसी, झांसी, कानपुर फिर जैसे-तैसे राप्ती सागर से यहां आ गए। साहब कोई इंतजाम करा दीजिए। हम लोग घर पहुंच जाएं। कुछ देर सोचने के बाद अच्छा आप लोग कितने हैं। थोड़ा वक्त दीजिए हम कोई इंतजाम करते हैं। इसके बाद दरोगा ने कई लोगों को फोन मिलाया। कोई रिस्पॉन्स न मिलने पर निराश हो गए। इस बीच जहां-तहां सवारी की आस में भटक रहे लोग भी आ गए। उनको लगा कि पुलिस मदद कर सकती है। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दरोगा और सिपाही एक ट्रैवलर बुलाने में कामयाब हो गए। दरोगा ने कहा कि घर तक तो नहीं लेकिन आसपास के चौराहे तक ड्राइवर छोड़ देंगे। दरोगा ने यह भी हिदायत दी कि रास्ते में कोई बच्चा, महिला और परिवार परेशान मिले तो उसे भी एडजस्ट कर लेना। क्योंकि हम सब को मिलकर इस महामारी से लड़ना है। गाड़ी देखकर भटक रहे मुसाफिरों की आंखों में चमक आ गई। यह सब कुछ शुक्रवार की दोपहर रेलवे म्यूजियम के पास तिराहे पर घटित हुआ। दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर रेलवे कॉलोनी चौकी इंचार्ज अक्षय मिश्रा, यूनिवर्सिटी चौकी प्रभारी बीबी सिंह, कांस्टेबल देवमुनि सिंह और ओम प्रकाश सिंह के साथ ड्यूटी पर मौजूद थे। तभी कुछ लोग पैदल ही बैग लटकाए पहुंचे। उन लोगों ने पुलिस कर्मचारियों से किसी तरह से घर पहुंचाने की गुजारिश की। परेशान हाल 22 यात्रियों ने बताया कि वह लोग आईआरसीटीसी में काम करते हैं। ट्रेन बंद होने से उनको घर लौटना पड़ रहा है। यह हाल शहर के विभिन्न जगहों पर देखने को मिला। सवारी न चलने की वजह से परदेस से लौट रहे लोग किसी तरह से घर पहुंचने की जुगत में लगे हैं।

मानवीय चेहरा दिखा रही पुलिस, भोजन करा रहे सिपाही-दरोगा

आमतौर पर सख्त दिखने वाले पुलिस कर्मचारी भी हालात को देखते हुए मदद के लिए आगे आ गए हैं। जिले में थानेदारों और चौकी प्रभारियों ने आमजन की मदद के लिए लंच का पैकेट और पानी बांटना शुरू कर दिया है। सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह की अगुवाई में धर्मशाला चौकी प्रभारी धीरेंद्र राय सुबह, दोपहर और शाम को धर्मशाला पुल के नीचे भोजन का इंतजाम करा रहे हैं। एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा अपनी टीम संग रास्ते में भटक रहे लोगों को खुद खाने-पीने का सामान दे रहे। तिवारीपुर के थानेदार सत्य प्रकाश सिंह ने अपने क्षेत्र में रह रहे लोगों के लिए निजामपुर चौराहे पर भोजन का प्रबंध शुरू कराया। टेंट लगाकर बेसहारा और मानसिक रोगियों के लिए परमानेंट भोजन की व्यवस्था शुरू करा दी है। इंस्पेक्टर कैंट रवि राय की तरफ से भी रेलवे स्टेशन, यूनिवर्सिटी सहित अन्य जगहों पर भोजन और पानी का प्रबंध कराया जा रहा है। इंस्पेक्टर रोजाना करीब 150 लोगों को भोजन का इंतजाम किया है। लोगों को चिन्हित करके कैंट पुलिस मदद करने में जुटी है। झंगहा के एसओ अनिल सिंह ने भी अपने क्षेत्र में गरीबों और कहीं से पैदल लौट रहे राहगीरों की मदद के लिए भोजन और पानी का इंतजाम किया है।

वर्जन

जगह-जगह पुलिस कर्मचारी लोगों की मदद में लगे हैं। ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मचारियों, होमगार्ड जवान सहित अन्य को भोजन उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था की गई है। यदि कहीं दूर दराज से कभटकते हुए रास्ते में कोई मिल रहा तो उसे भोजन और पानी दिया जा रहा है। इस संकट से हम सभी लोगों को मिलकर लड़ना है। समाज के अन्य लोगों को भी मदद के लिए हाथ बढ़ाना होगा। इस दौरान हम लोग सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन रखते हुए साफ-सफाई से सारा काम कर रहे हैं। लोगों को घर भेजने के लिए वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी

Posted By: Inextlive