क्रिसमस त्योहार और नए साल पर जश्न के नाम पर अराजकता फैलाना भारी पड़ सकता है.

- हुड़दंगियों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी

- क्रिसमस, नए साल के जश्न पर सुरक्षा के प्रबंध

Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: त्योहार और नए साल पर जश्न के नाम पर अराजकता फैलाना भारी पड़ सकता है। सीएम के निर्देश के बाद हुड़दंगियों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी पुलिस ने कर ली है। मंगलवार को क्रिसमस दिवस पर जहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वहीं नए साल के लिए 31 दिसंबर की शाम से सड़कों पर पुलिस नजर आने लगेगी। एसपी सिटी ने बताया कि जश्न मनाने के नाम पर अराजकता फैलाने, ईवटीजिंग, शराब पीकर उधम मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है।

हर चर्च पर मौजूद रहेगी पुलिस फोर्स
मंगलवार को शहर के भीतर क्रिसमस दिवस सेलीब्रेट किया जाएगा। त्योहार की तैयारी में लगे क्रिश्चियन समुदाय ने चर्चो को सजा दिया है। शहर में कुल 21 चर्च में प्रार्थना सभा के साथ-साथ अन्य तरह के आयोजन होते हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि हर चर्च पर एक दरोगा और चार कांस्टेबल की परमानेंट ड्यूटी लगाई गई है। ईवटीजिंग और अन्य घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिस कर्मचारी मौजूद रहेंगी। वीडियो कैमरे की मदद से सब पर नजर रखी जाएगी।

सीएम के तेवर पर सहमे, शुरू हुई तैयारी
त्योहारों के नाम होने वाली अराजकता रोकने के लिए निर्देश सीएम ने दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला पुलिस प्रमुखों को त्योहारों में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही त्योहार और नए साल के नाम पर हुड़दंग मचाने वालों पर शिकंजा कसने के निर्देश सीएम ने दिए हैं। इसको देखते हुए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यह होंगे प्रतिबंध, लेनी होगी इजाजत

- बिना अनुमति के डीजे नहीं बजा सकेंगे।

- शराब पीकर वाहन चलाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

- सड़कों पर गाना-बजाना, हो- हल्ला मचाना और बाइक रेसिंग की मनाही।

- क्लब, रेस्टोरेंट और होटल्स में बिना अनुमति पार्टियों के आयोजन पर रोक।

- रेस्टोरेंट, क्लब और बार में शराब परोसने के लिए अनुमति लेनी पड़ेगी।

- शहर में जगह-जगह बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी। ब्रेथ एनलाइजर से जांच होगी।

- रात में निर्धारित समय पर शराब की दुकानें, मॉडल शॉप बंद कर दिए जाएंगे।

शहर में घूमने-फिरने के प्रमुख स्थान
गोरखनाथ मंदिर, रामगढ़ताल का नया सवेरा, गीता प्रेस, रेलवे म्यूजियम, कुसम्ही जंगल में बुढि़या माई मंदिर और विनोद वन, तरकुलहा देवी मंदिर, गीता वाटिका, बौद्ध संग्रहालय, विन्ध्यवासिनी पार्क, नीर निकुंज वाटर पार्क।

इस तरह से रहेगी पुलिस की व्यवस्था
- जश्न के नाम पर अराजकता फैलाने वालों पर सख्ती होगी।

- शराब पीकर घूमने, तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर जुर्माना लगेगा।

- तेज आवाज में डीजे बजाने, सड़कों पर धूम-धड़ाका करने पर कार्रवाई।

- सभी प्रमुख चौराहों, तिराहों और बाजारों में पुलिस की ड्यूटी रहेगी।

- महिलाओं के साथ घटना की रोकथाम के लिए महिला थाना पुलिस की ड्यूटी।

- किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए समय-समय पर संदिग्धों की चेकिंग।

क्रिसमस दिवस और नए साल को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। अराजकता फैलाने वालों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। शराब पीकर उधम मचाने, सड़कों पर बाइक रेसिंग और स्टंट करते पकड़े जाने पर हवालात में बंद कर दिया जाएगा।

- विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive