करेली के सैदपुर गांव रविवार शाम कई राउंड चली गोली

ग्राम प्रधान, बेटी और पत्‍‌नी समेत चार घायल, हालत गंभीर

ALLAHABAD: करेली के सैदपुर गांव में रविवार शाम हमलावरों ने ग्राम प्रधान और उसके परिवार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसायीं। हमले में प्रधान सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। आनन-फानन में घायलों को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हमला गांव के ही दो युवकों द्वारा किया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में लग गई है। मामला पुरानी चुनावी रंजिश का माना जा रहा है।

घर लौटते ही हुआ जोरदार हमला

सैदपुर गांव के प्रधान केस बाबू रविवार को अपने परिवार के साथ शहर घूमने आए थे। शाम को तकरीबन साढ़े सात बजे वह गांव वापस लौटे। जब वह घर के सामने कार से उतर रहे थे तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। कई राउंड गोलियां चलाई गई जिसमें केस बाबू समेत उनकी पत्‍‌नी रतीला और बेटी सवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हमले में ग्राम प्रधान का अन्य साथी बन्ने निषाद भी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद हमलावर हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पुरानी चुनावी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है।

पुलिस छावनी बन गया गांव

चारों ओर गोलियों की आवाज गूंजने से लोग इकट्ठे हो गए। चारों ओर हाहाकार मच गया। सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स गांव में पहुंच गई। घायलों को आनन-फानन में एसआरएन हॉस्पिटल पहुंचाया गया। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमला गांव के ही राजा और चंदन भारतीया ने किया है। घटना के बाद गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रही। एसआरएन हॉस्पिटल में भी बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंच गए थे। हर तरफ चर्चाएं चल रही थीं। इस घटना को जिसने देखा उसकी रूह कांप गई।

Posted By: Inextlive