युवती के परिजनों ने रांची के सुखदेवनगर थाने में किया जोरदार हंगामा। पिता पर लगाए गंभीर आरोप।

रांची: तिलक से पहले दहेज में पांच लाख नहीं मिले तो दूल्हा घर छोड़कर फरार हो गया। योजनाबद्ध तरीके से दूल्हा के पिता ने अपने बेटे को भगा दिया। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद लड़की के परिजनों ने जमकर हंगामा किया है। लड़की के घरवालों ने सुखदेवनगर थाने में जमकर बवाल काटा। मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित इरगू टोली का है।

 

यह है मामला

आशीष कुमार वर्मा की शादी चरही के सुरेंद्र कुमार वर्मा की बेटी से तय हुई थी। बेटी का तिलक चढ़ाने के लिए रविवार को सुरेंद्र लड़के के घर पहुंचे थे। तिलक चढ़ाने की रस्म शुरू हुई तब लड़की के पिता को यह जानकारी मिली कि दुल्हा आशीष फरार है। इसके बाद लड़की की ओर से रांची आएं लोगों ने हंगामा शुरु कर दिया। मामले की जानकारी सुखदेवनगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने लड़के के पिता स्वराज वर्मा, रेखा देवी और उसके भाई को गिरफ्तार कर थाना लेकर आयी.प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

 

सात मार्च को होनी है शादी

लड़की पक्ष की ओर से पिता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष में बातचीत के बाद तिलक और शादी की तारीख तय हुई थी। चार मार्च को तिलक और सात मार्च को शादी थी। शादी को लेकर दस लाख रुपए खर्च किए गए है।

 

विभिन्न एकाउंट में जमा किए नौ लाख

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार बेटी की शादी आशीष के साथ 2017 में ही तय हुई थी। पिछले साल दोनों पक्ष की ओर से छेका की रस्म अदा की गई थी। दोनों परिवार की सहमति से दो माह पहले शादी और तिलक की तारीख तय की गई थी। इस दौरान लड़के पक्ष ने विभिन्न एकाउंट में अब तक 9 लाख रुपये दहेज के रूप में लिए हैं। अब तिलक के दिन दुबारा से उनलोगों ने पांच लाख रुपये की मांग कर दी।

 

पहले से शादीशुदा है लड़का

आशीष कुमार वर्मा एफसीआइ गोदाम में कांट्रेक्ट में काम करता है। वह पहले से शादी-शुदा है। उसके एक बच्चा भी है, लेकिन इस बात की जानकारी उसने किसी को नहीं दी है। आरोपी आशीष व उसके परिजनों ने न तो किसी को तिलक का न्योता दिया था, ना ही शादी का कार्ड।

Posted By: Inextlive