RANCHI : 10 नवंबर 2016 को नक्सली संगठन पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप के बेड़ो में रेखा पेट्रोल पंप से बरामद 25.30 लाख रुपये की बरामदगी से जुड़े मामले में एनआइए के नोटिस पर दिल्ली से रांची आये गुजरात के टिम्बर व्यवसायी नवीन पटेल रांची से ही रहस्यमय ढंग से गायब हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, नवीन पटेल ने अपने परिजनों को सुसाइड नोट भेजा है। इसके बाद नवीन पटेल के परिजनों ने रांची पुलिस से उन्हें ढूंढने की गुहार लगायी है।

एनआइए के समक्ष दर्ज कराया था बयान

व्यवसायी नवीन पटेल दिल्ली से रांची आये थे। उन्होंने 28 जुलाई को एनआइए के रांची स्थित धुर्वा कैंप में प्रस्तुत होकर अपना बयान दर्ज करवाया था। इसके बाद 29 को एनआइए ने बयान के वेरिफिकेशन के लिए उनको दोबारा बुलाया था। लेकिन वह नहीं आये। इसी दौरान नवीन पटेल का मैसेज उनके परिजनों के पास पहुंचा। जिसमें लिखा था कि वह सुसाइड करने जा रहे हैं। इसकी जानकारी नवीन पटेल के परिजनों ने रांची पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने नवीन पटेल का लोकेशन ट्रेस किया जो रायबरेली बता रहा है।

दिनेश गोप के 25.30 लाख रुपए हुए थे बरामद

नोटबंदी के समय बेड़ो से रेखा पेट्रोल पंप मालिक को 25.30 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दावा किया था कि ये रकम दिनेश गोप की थी। पुलिस और एनआए इन दिनों टेरर फंडिंग के नेटवर्क को तोड़ने में जुटे हैं। इसी सिलसिले में झारखंड में लगातार कार्रवाई होती रही है। नोटबंदी के बाद दिनेश गोप एक करोड़ रुपये के कालेधन को व्हाइट मनी बनाना चाहता था। जिसकी जानकारी एनआइए को मिली। इसी क्रम में 10 नवंबर 2016 को 25.30 लाख रुपये जब्त किये गये। ये रुपये बेड़ो के रेखा पेट्रोल पंप के मालिक नंद किशोर महतो तक कामडारा निवासी ठेकेदार यमुना प्रसाद ने पहुंचाये थे। रुपयों के साथ नंद किशोर महतो (हरिहरपुर, बेड़ो) पुत्र चंद्रशेखर, दामाद, बिनोद कुमार(रातू रोड, मधुकम, सुखदेवनगर) और मोहन कुमार उर्फ राजेश के पास से सात मोबाइल, एसयूवी व एसबीआई के कुल 12 डिपॉजिट स्लिप भी मिले थे।

Posted By: Inextlive