अमेरिका में एक अखबार के दफ्तर में एक बंदूकधारी व्यक्ति ने अंधाधुंध गोलीबारी की। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई है।

मरने वालों में अखबार के संपादक भी
मेरीलैंड (रॉयटर्स)।
अमेरिका के मेरीलैंड राज्य के एनापोलिस में स्थित कैपिटल गैजेट अखबार के दफ्तर में गुरुवार को एक बंदूकधारी व्यक्ति ने कुछ विवादों के कारण अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में कैपिटल गैजेट अखबार के 59 वर्षीय संपादक रोब हियासेन, 65 वर्षीय वेंडी विंटर, 34 वर्षीय रेबेका स्मिथ, 61 वर्षीय गेराल्ड फिशमैन और जॉन मैकनामरा शामिल हैं। इनमें से चार पत्रकार थे और एक सेल्स असिस्टेंट।
अखबार को देता था धमकियां
पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है। हमलावर की पहचान 38 वर्षीय जरॉड रामॉस के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का लंबे समय से कैपिटल गैजेट के साथ विवाद चल रहा था। दरअसल, 2012 में रामॉस ने कैपिटल गैजेट में कॉलम लिखने वाले एरिक हार्टले पर मानहानि का केस दायर किया था। हार्टले ने अपने अखबार में लिखा था कि रामॉस ने सोशल मीडिया पर एक महिला को गंदे नामों से पुकारा और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में रामॉस दोषी भी पाया गया। 2015 में मेरीलैंड की अदालत ने कैपिटल गैजेट और एक पूर्व रिपोर्टर के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद आरोपी ने अखबार को धमकियां देनी शुरू कर दी।
पहले हुई थी स्कूल में गोलीबारी
बता दें कि अमेरिका में अंधाधुंध गोलीबारी करने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले फरवरी में फ्लोरिडा के हाइस्कूल में भी अंधाधुंध गोलीबारी की गई। इस हादसे में 17 लोगों की जान चली गई।

ट्रंप ने जापान को दी धमकी, कहा भेज देंगे 2.5 करोड़ मेक्सिकन नागरिक

उत्तर कोरिया के साथ हमारा समझौता चीन के लिए अच्छा होगा : ट्रंप

Posted By: Mukul Kumar