-लंका एरिया के मलहिया में हुई वारदात, घर से बुलाकर ले गए थे हमलावर

-पुलिस ने चार के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

VARANASI

लंका थाना क्षेत्र के मलहिया स्थित गढ़वाघाट आश्रम के पास मंगलवार को बदमाशों ने सत्येन्द्र सिंह (ख्भ् वर्ष) को गोली मार दी। गोली युवक के सिर को छूती हुई निकल गई। पुलिस ने घायल युवक को बीएचयू ट्रामा सेंटर में एडमिट कराया है। सत्येन्द्र के मुताबिक वारदात को मुखबिरी के शक में अंजाम दिया गया है। पुलिस ने घायल की तहरीर पर रोहित, भोला और शक्ति व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानने वाले हैं हमलावर

मूल रूप से सासाराम का रहने वाला सत्येन्द्र सिंह मदरवा में महेन्द्र साहनी के मकान में फैमिली के साथ किराये पर रहता है। वह ट्रेवल एजेंसी में गाड़ी चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ लोग उसके घर पर आये और आवाज देने लगे। सभी जानने वाले थे। उन लोगों ने सत्येन्द्र को गढ़वाघाट आश्रम के पास पहुंचने को कहा। बाइक से सत्येन्द्र जैसे ही निकला तभी रास्ते में उसके पहचान वाले रोहित ने उसे रोक लिया। इस बीच रोहित का साथी भोला वहां आ पहुंचा और सत्येन्द्र के सिर पर पीछे बंदूक सटाकर फायर कर दिया। लेकिन निशाना चूक गया। घटना के बाद दोनों भाग निकले। इस बीच सिर से खून बहता देख सत्येन्द्र ने शोर मचाना शुरू किया और भागकर गढ़वाघाट मठ के पास पहुंचा। जहां मठ के कुछ लोगों ने उसे पास के एक हॉस्पिटल में पहुंचाया। तभी सूचना पाकर पुलिस भी वहां आ पहुंची और सत्येन्द्र को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाकर भर्ती कराया।

गाडि़यां चोरी करता है गैंग

सत्येन्द्र ने पुलिस को बताया कि गोली मारने वाले लोगों का एक बड़ा गैंग है। ये लोग शहर में अलग-अलग जगहों से गाडि़यों को चोरी कर उसका सौदा करते हैं। एक दिन इसी बात को लेकर उसका गैंग के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। क्योंकि उसने उन लोगों को अपने पास नहीं बैठने दिया था। इसी बात से सभी नाराज थे और बार-बार मुखबिरी करने का आरोप लगाते थे।

Posted By: Inextlive