पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा साहिब से निकली श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शोभायात्रा

ALLAHABAD: श्री गुरु नानक देव का प्रकाश उत्सव देव दीपावली के दिन धूमधाम से मनाया जाएगा। हालांकि गुरुवार से ही सिख समुदाय में उत्सव का उल्लास नजर आने लगा है। तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव के पहले दिन श्री गुरु सिंह सभा की ओर से पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शोभायात्रा निकाली गई। गुरु ग्रंथ साहिब की गाड़ी के आगे सेवादार सड़क पर झाडू लगाते फूलों की बरखा कर रहे थे। संगत गुरुवाणी 'सुणी पुकार दातार प्रभु नानक जग माहि पठाया' का गायन करते चल रहे थे।

 

खूब लगे जयकारे

सभा के अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह की देखरेख में शोभायात्रा निकली तो हर कोई 'बोले सो निहाल, सतश्री अकाल' का जयकारा लगाता रहा। शोभायात्रा नखासकोहना, घंटाघर, हिवेट रोड, लोकनाथ, चौक होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची। घंटाघर पर शोभायात्रा कुछ समय के लिए रुकी जहां हजूरी रागी भाई अमरजीत सिंह ने कीर्तन गायन किया और गुरु नानक देव के इतिहास पर प्रकाश डाला।

 

पर्व में शामिल होने के लिए आमंत्रण

शोभायात्रा में गुरु तेग बहादुर खालसा ग‌र्ल्स इंटर कालेज के बच्चों ने भी हिस्सा लिया। बच्चों ने बैंड बाजे व कई कलाओं का करतब दिखाया तो सति गुरु नानक प्रगटया मिटी धुंध जग चानण होआ की धुन बजती रही। महामंत्री सरदार प्रीतम सिंह ने नगरवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई दी और चार नवम्बर को गुरुद्वारा में मनाए जाने वाले प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

Posted By: Inextlive