मोबाइल टावर के विरोध में घमासान, पथराव में आधा दर्जन घायल

कंकरखेड़ा की जवाहर नगर कालोनी के लोग कर रहे मकान की छत पर लग रहे टावर का विरोध

Modipuram : कंकरखेड़ा की जवाहरनगर कालोनी में एक हफ्ते से चल रहा मोबाइल टावर का विरोध गुरुवार को घमासान में बदल गया। विरोध करने वाले कालोनी वासियों पर मकान मालिक मजदूरों संग टूट पड़ा। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। एक पक्ष के द्वारा किए गए पथराव से भगदड़ मच गई। विरोध करने वाले एक परिवार के चार लोग घायल हो गए। थाने में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए।

चल रहा विरोध

जवाहरनगर कालोनी निवासी लाजपत दुआ ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी नरेंद्र बंसल अपने मकान की छत पर मोबाइल की एक कंपनी का टावर लगवा रहे हैं। टावर लगने का एक सप्ताह से कालोनी के लोग विरोध कर रहे हैं। इस प्रकरण में कंकरखेड़ा थाने और डीएम कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है। मगर, कुछ नहीं हुआ। गुरुवार को मजदूर टावर लगा रहे थे, जिसका कालोनी के लोग नरेंद्र बंसल के घर विरोध करने पहुंचे। आरोप है कि गाली गलौज के बीच दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि नरेंद्र बंसल ने अपने परिवार और टावर लगा रहे मजदूरों संग भीड़ पर पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। मारपीट में लाजपत दुआ, अधिवक्ता आनंद दुआ, भारत, नरेंद्र बंसल और दो अन्य हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष्ज्ञों को शांत किया। थाने पहुंचकर दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमले का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। इंस्पेक्टर एपी मिश्र का कहना है कि टावर के विरोध में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसमें कार्रवाई की जाएगी। पथराव की बात बेबुनियाद है।

Posted By: Inextlive