बाढ़ चौकी पर पहुंचे आधा दर्जन परिवारों को कोई सहूलियत नही

शौचालय पर लगा रहा ताला, नही मिला भोजन

vineet.tiwari@inext.co.in

ALLAHABAD: गंगा का पानी घरों में घुसने जाने से सलोरी और बघाड़ा के दर्जनों लोग मंगलवार की रात बाढ़ चौकी पर पहुंच गए। एनी बेसेंट कॉलेज पहुंचे लोगों को सिर छिपाने की जगह मिली, बाकी सुविधाओं का इंतजाम उन्हें खुद करना पड़ा। हालांकि, इनके पहुंचने की सूचना खुद आला अधिकारियों को भी नही दी गई थी। ऐसे में भोजन और पानी के लिए बाढ़ पीडि़त तरसते रहे। जानते हैं किस हालात कौन पहुंचा शेल्टर-

पानी के रोड क्रास करते ही भागा परिवार

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले राकेश अपने परिवार को लेकर आनन फानन में शेल्टर भागे। बताया कि सोमवार को बाढ़ का पानी रोड क्रास कर घर में घुसने लगा तो उनके पास शेल्टर आने के अलावा कोई रास्ता नही था। आस पड़ोस के कुछ लोग छतों पर ठहरे हुए थे।

गैस चूल्हा लाकर बनाया खाना

छोटा बघाड़ा की रहने वाली सुषमा देवी अपने दो बेटे और एक बेटी के साथ बाढ़ चौकी पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन तरफ से खानपान का कोई इंतजाम नही था। ऐसे में घर से चूल्हा और राशन लाकर खाना बनाया गया है। उन्होंने बताया कि शौचालय में भी ताला लगा है इसलिए लोगों को खेत में जाना पड़ा।

अकेले आए, कोई नही सहारा

ज्ञान मती ने बताया कि उनके परिवार में अभी कोई नही है। सब दूसरे शहरों में गए हैं। अचानक घर में पानी घुस जाने से किराए की गाड़ी में गृहस्थी लादकर भागना पड़ा। लेकिन यहां पर कुछ नही मिला। न तो बिस्तर न ही पीने का पानी।

शरणालय में मना तीज का त्योहार

कछार की रहने वाली सिम्पी देवी का तीजा का त्योहार शरणालय में ही मना। उन्हें पता नही था अचानक बाढ़ से बचकर भागना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पता था कि पानी बढ़ रहा है तो इंतजाम रखने चाहिए थे। रातभर मच्छरों ने लोगों को सोने नही दिया।

मुसीबत बन गई दिन की बारिश

एनी बेसेंट कॉलेज में रहने आए बाढ़ पीडितों के लिए उस समय दिक्कत अधिक बढ़ गई जब दोपहर में अचानक तेज बारिश होने लगी। ऐसे में हॉल की टीन की छत तेजी से टपकने लगी। ऐसे में लोगों को अपनी गृहस्थी बचाने के लिए किनारा तलाशना पड़ा। पीडि़तों का बिस्तर भी तेज बारिश में गीला हो गया।

बॉक्स

अधिकारियों तक नही पहुंची जानकारी

बाढ़ पीडि़तों को शेल्टर में सुविधाएं नहीं मिली इसका मेन कारण आला अधिकारियों तक जानकारी न पहुंचना था। स्थानीय लेखपाल व अन्य कर्मचारियों ने इस बात की सूचना नही दी थी। इस बारे में दैनिक जागरण आई नेक्स्ट रिपोर्टर ने डीएम सुहास एलवाई से टेलीफोन पर बात की तो उन्हें शेल्टर में लोगों की जानकारी पता नही होने की हकीकत सामने आई। उन्होंने तत्काल सुविधाएं मुहैया कराने के आदेश दिए।

हमलोगों ने सभी जगह पर भ्रमण किया है। शरणालय में कमरों को खुलवाकर उनमें बल्ब आदि लगावने के आदेश दिए गए हैं। शौचालय को खुलवाया जा रहा है। जो लोग रहने आए हैं उनकी सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है।

सदर तहसीलदार, इलाहाबाद

Posted By: Inextlive