टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज 39 साल के हो गए। धोनी भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान विकेटकीपर और अच्छे बल्लेबाज हैं। करीब डेढ़ दशक लंबे इंटरनेशनल करियर में माही ने मैदान में कई रिकाॅर्ड बनाए। मगर क्या आपको पता है खेल के इतर धोनी ने एक फिल्म में भी काम किया था। इस रहस्य से सुशांत सिंह ने पर्दा उठाया था।


कानपुर। एमएस धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को रांची में हुआ था। बतौर विकेटकीपर भारतीय टीम में इंट्री करने वाले धोनी बहुत जल्द टीम इंडिया के कप्तान बन गए। अपनी कप्तानी में धोनी ने कई कारनामे किए। 2007 टी-20 वर्ल्डकप में जहां उन्होंने भारत को चैंपियन बनाया। वहीं 2011 में टीम इंडिया को दूसरी बार वर्ल्डकप जितवाया। इस विश्वकप जीत ने माही को सबसे चहेता क्रिकेटर बना दिया था। माही की पाॅपुलैरिटी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, धोनी के जीवन पर एक फिल्म भी बनी। इस मूवी का नाम 'एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी' था। फिल्म में धोनी का किरदार दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने निभाया था।इस फिल्म में धोनी ने किया काम
मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले असली धोनी एक फिल्म में भी काम कर चुके हैं। इस बात का सबूत आईएमडीबी वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। फिल्म का नाम 'हुक या क्रुक' है, जिसकी शूटिंग 2010 में हुई थी। यह फिल्म क्रिकेट पर बेस्ड थी। जिसमें लीड एक्टर जाॅन अब्राहम थे। इसमें धोनी का एक छोटा सा रोल था हालांकि माही का शूट भी हो गया था। मगर किसी वजह से यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज नहीं हो पाई। फिल्म को डेविड धवन ने डायरेक्ट किया था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari