- किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए हरीश रावत की दावतों पर उठाए सवाल

- मुझे अपमानित करके अगर कांग्रेस मजबूत होती है तो स्वागत है: किशोर

DEHRADUN: गुरुवार को विपक्ष की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मीरा कुमार की बैठक में शामिल न होने देने पर शुक्रवार को किशोर ने प्रेस क्रॉन्फ्रेंस में जमकर भड़ास निकाली। इशारे-इशारों में किशोर ने हरीश रावत पर निशाना साधा। उन्होंने रावत की दावतों पर भी सवाल खड़े किए। हालांकि किशोर उपाध्याय ने ये भी कहा कि कांग्रेस के लिए अपमान भी सह लूंगा। उन्होंने कहा कि मुझे अपमानित करके अगर कांग्रेस मजबूत होती है तो उसका भी स्वागत है।

हार के बाद दावत सही नहीं

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने शुक्रवार को पीसी कर हरीश रावत की दावतों पर सवाल खड़े किये। किशोर उपाध्याय ने कहा कि ख्0क्7 के चुनाव में हमें करारी शिकस्त मिली है, ऐसे में कांग्रेस के लिए अभी पार्टियां मनाने का उचित समय नहीं है। उन्होंने कहा कि जब समय आएगा तब सब मिल कर पार्टी करेंगे। कांग्रेस भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए संयुक्त विपक्ष की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मीरा कुमार के कार्यक्रम से नाराज हो कर लौट आने के सवाल पर पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि मैं कभी नाराज नहीं होता। मेरा नाम है किशोर है और किशोर सबसे छोटा होता है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के लिए अपमान भी सहना पड़े तो किशोर उपाध्याय को अपमान सहने में कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि किशोर उपाध्याय को अपमानित करके अगर कांग्रेस मजबूत होती है तो मैं उसका भी स्वागत करूंगा। किशोर उपाध्याय ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के परिसंपत्ति बंटवारे को लेकर कहा कि यह हमारा सौभाग्य है की प्रदेश में प्रचंड बहुमत केंद्र और उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार है, ऐसे में हमें हमारी संपत्ति मिलनी चाहिए।

Posted By: Inextlive