कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 अक्टूबर को हरियाणा में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा वह 13 अक्टूबर को मुंबई में एक चुनावी रैली भी करेंगे।


नई दिल्ली (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगामी महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में प्रचार करने का फैसला किया है। लेकिन वह केवल महाराष्ट्र में दो रैलियों (13 और 15 अक्टूबर को) और हरियाणा में एक रैली (14 अक्टूबर) को संबोधित करेंगे। पार्टी नेताओं ने बताया कि हरियाणा में राहुल गांधी अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत करनाल शहर के रोड शो से करेंगे। बता दें कि यह मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का गृह क्षेत्र है। अब तक ये दो चुनावों वाले राज्यों में राहुल गांधी के एकमात्र निर्धारित कार्यक्रम हैं। यह कांग्रेस पार्टी के पहले के उन दावों के विपरीत है, जिसमें कहा जा रहा था कि राहुल गांधी राज्य में विधानसभा चुनावों के दौरान बड़े पैमाने पर प्रचार करेंगे।राहुल गांधी ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ कहा, कश्मीर भारत का आंतरिक मुद्दा, इसमें कोई देश न दे दखल


पार्टी के कार्यक्रमों से खुश नहीं हैं राहुल गांधी

राहुल गांधी के करीबी कांग्रेस नेता बताते हैं कि वह पार्टी में होने वाले कार्यक्रमों से खुश नहीं हैं। वहीं दो नेताओं ने सार्वजनिक रूप से यह बात कहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के करीबी लोगों को पार्टी में दरकिनार कर दिया गया है। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने पिछले महीने एचपीसीसी प्रमुख पद से हटाए जाने के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा दोनों राज्यों में बड़े पैमाने पर चुनाव अभियान की योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में चार और महाराष्ट्र में नौ रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा शासित सभी मुख्यमंत्रियों को प्रचार के लिए खड़ा किया गया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी रैलियों को संबोधित करेंगे।

Posted By: Mukul Kumar