दिल्ली सहित उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है। रविवार को एक इलाके में तापमान तो 50 के करीब पहुंच गया था। हालांकि आज दिल्ली में धूल भरी आंधी की संभावना है।

नई दिल्ली (पीटीआई)। दिल्ली में सोमवार की सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में गरज-चमक या धूल भरी आंधी चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्व-मानसून गतिविधि को प्रेरित करेगा जिससे सोमवार और मंगलवार को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आंधी या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा 49.2 डिग्री तापमान
सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ह्यूमिडिटी 22 परसेंट रही। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा 49.2 डिग्री सेल्सियस और शहर के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों के नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस तक उछलने के साथ राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में रविवार को भीषण लू चली।

गर्मी का सितम जारी
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री सेल्सियस, जाफरपुर में 47.5 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 47.3 डिग्री सेल्सियस और दिल्ली रिज में 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari