--आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम

--54.4 मिमी बारिश हुई रांची में 24 घंटे के अंदर

--पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब का क्षेत्र अब आंध्र प्रदेश के तटीय व आसपास के क्षेत्रों में स्थित

--शुक्रवार को दो या दो से अधिक बार मध्यम से भारी बारिश की है संभावना

रांची : रांची का मौसम एक बार फिर से बदला है। बुधवार शाम से गुरुवार शाम तक रांची में 54.4 एमएम जबकि जमशेदपुर में 84.6 एमएम बारिश हुई है। बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में सामान्य के मुकाबले आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट नहीं आई है। जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 7.0 व डालटेनगंज के अधिकतम तापमान में 5.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे पूर्व बुधवार की शाम से गुरुवार की सुबह 8:30 बजे तक रांची में 31.4 मिमी, जमशेदपुर में 66.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के निदेशक डॉ। एसडी कोटाल ने बताया कि पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र अब आंध्र प्रदेश के तटीय व आसपास के क्षेत्रों में स्थित है। जबकि इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

चार दिनों तक बादल

मौसम पूर्वानुमान के तहत उन्होंने बताया कि आगामी चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार को दो या दो से अधिक बार मध्यम से भारी बारिश होगी। जबकि 26 अक्टूबर को हल्की बारिश होगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि अधिकांश स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 26 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी व मध्य जिलों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 27 व 28 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होगी।

Posted By: Inextlive