- विधान पार्षदों के लिए बने एक डुप्लेक्स की लागत 82.50 लाख

PATNA :

बिहार के विधान पार्षद अब हाईटेक घर में रहेंगे। सोमवार को सीएम नीतीश कुमार ने विधान पार्षदों के लिए बने नए घर के उद्घाटन के बाद उनको घर की चाभी सौंपी। आर ब्लॉक में विधान पार्षदों के लिए 75 डुप्लेक्स एक ही परिसर में बनने हैं जिसमें 55 का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। देश में अपने किस्म का यह पहला परिसर है जहां सभी विधान पार्षदों को एक साथ आवास उपलब्ध कराया गया है। विधान पार्षद आवासीय कांप्लेक्स को दीघा-आर ब्लॉक छह लेन सड़क से सीधी कनेक्टिवटी मिल रही है। इस मौके पर विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद ने कहा कि आवासों का आवंटन विधान पार्षदों को उनके क्षेत्र के नंबर के आधार पर किया गया है। अब यह संभव नहीं हो सकेगा कि कोई दबंग किसी बंगले पर कब्जा कर ले।

एक डुप्लेक्स की लागत 82.50 लाख

विधान पार्षदों के लिए बने नवनिर्मित आवासीय परिसर में एक डुप्लेक्स की लागत 82.50 लाख है। यह कुल 3050 वर्गफीट में बना है और निर्माण 3681 वर्गफीट का है। ग्राउंड फ्लोर के अतिरिक्त, फ‌र्स्ट और सेकेंड फ्लोर पर विधान पार्षद के लिए रहने की व्यवस्था है। पूरा परिसर 18.56 एकड़ में विकसित किया गया है। विधान पार्षदों के लिए बने इस परिसर में जो डुप्लेक्स बने हैं वह पूरी तरह से ग्रीन बिल्डिंग कांसेप्ट के साथ हैं। विधान पार्षदों को इस भवन के साथ-साथ हर फ्लोर के लिए फर्नीचर दिए गए हैं। सोफा, पलंग, डाइनिंग टेबल और अन्य फर्नीचर के साथ-साथ मास्टर बेडरूम के लिए दो एसी भी दिए गए हैं। इस परिसर में एक एमएलसी हॉस्टल भी बनाया गया है जो नए आने वाले विधान पार्षदों के अस्थायी आवासन के लिए है। इसके तहत तीस डबल बेड वाले कमरे का निर्माण कराया गया है। यहां कॉफी शॉप व लाउंज भी बने है। पूरे परिसर में सभी डुप्लेक्स एक दूसरे से जुड़े हैं। सुबह की सैर का भी इंतजाम किया गया है। कम्युनिटी सेंटर व कांफ्रेंस हॉल का भी प्रबंध है। बाहर से आए लोगों के लिए अलग से पार्किग की व्यवस्था है।

Posted By: Inextlive