- अभी तक देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन गतिमान दौड़ती है 160 की स्पीड से

- दिल्ली - मुंबई के बीच ट्रायल की उम्मीदें बढ़ीं

मथुरा: भारतीय रेल के इतिहास में बुधवार का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया, जब टैल्गो ट्रेन पटरियों पर 180 किमी की रफ्तार से दौड़ी। यहां चल रहे ट्रायल के पांचवें दिन स्पेन की हाईस्पीड ट्रेन ने मथुरा और पलवल के बीच की 84 किमी की दूरी मात्र 38 मिनट में पूरी की। अभी तक देश की सबसे तेज ट्रेन गतिमान की अधिकतम रफ्तार 160 किमी, शताब्दी की 150 किमी और राजधानी एक्सप्रेस की 130 किमी प्रति घंटा है। ट्रायल सफल रहने पर रेल अफसरों ने एक-दूसरे को बधाई दी। अब टैल्गो का ट्रायल दिल्ली-मुंबई रूट पर किए जाने की संभावना है।

टैल्गो ट्रेन का ट्रायल नौ जुलाई से यहां चल रहा है। मथुरा-पलवल के बीच पहले दिन 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ने के बाद हर दिन इसकी स्पीड 10 किमी बढ़ाने का फैसला हुआ था, लेकिन अभी तक के सभी ट््रायल कामयाब रहने से उत्साहित टेक्नीशियनों की टीम ने मंगलवार को ही ट्रेन 170 की रफ्तार से दौड़ा दी थी। बुधवार को आगरा मंडल के डीआरएम प्रभाष कुमार तो इंजन में ही बैठ गए। सुबह 11.28 बजे लोको पायलट सुनील पाठक, विवेक शर्मा और गार्ड संजय मिश्रा ने एक-दूसरे को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन ने रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद टैल्गो 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ते हुए पलवल दोपहर 12.06 बजे पहुंच गई। रूंधी तक 74 किमी का सफर तो ट्रेन ने केवल 30 मिनट में ही पूरा कर लिया था। अब ट्रेन में वजन रखकर इसका ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान यह परखा जाएगा कि यात्री होने पर इसके संचालन में कोई परेशानी तो नहीं आएगी। टैल्गो का अब दिल्ली-मुंबई रूट पर भी ट्रायल किए जाने की संभावना है। डीआरएफ प्रभाष कुमार ने बताया कि 180 की स्पीड का ट्रायल सफल रहा है।

Posted By: Inextlive