गवाहों का हो रहा ऐलानिया कत्ल, पुलिस बनी मूक दर्शक

बबलू की हत्या के बाद झिटकरी गांव में पुलिस फोर्स तैनात

Meerut। चेतन हत्याकांड की पैरोकारी कर रहे बबलू की हत्या के बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सरधना के गांव झिटकरी को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस के साथ पैरा मिल्ट्री फोर्स भी लगा दी है। एसएसपी ने खुद वहां जाकर हालात का जायजा लिया।

नहीं मिल सका गनर

बबलू के परिजनों का कहना है कि वह सरधना थाने में एसओ से गनर की मांग कर रहा था। एसओ सरधना से उससे गनर देने से मना कर दिया, जिसके चलते बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। उनका कहना है कि अगर पुलिस उन्हें गनर उपलब्ध करवा देती तो बबलू की जान बच सकती थी।

क्या है मामला

कई साल पहले बबलू की शादी सरूरपुर थाना क्षेत्र के रज्जापुर निवासी सावित्री देवी की बेटी से हुई थी। दो साल पहले बबलू ससुराल आया था। इसी दौरान आपसी कहासुनी को लेकर उसके पड़ोस में रहने वाले संजीत और उसके भाई सुमित जाट ने उसके साले चेतन की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी, जिसमें वह गवाह बना हुआ था।

16 को है गवाही

अब आगामी 16 फरवरी को चेतन हत्याकांड में मितन की गवाही होनी है, जिसको लेकर पुलिस के हाथ पैर फूले हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मितन को सुरक्षा उपलब्ध करवा दी गई है।

यह है पूरा मामला

13 जुलाई 2016

थाना सररूपुर के गांव रजापुर में 13 जुलाई 2016 को चेतन उर्फ भूरा की गांव के संजीत ने अपने भाई सुमित जाट के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में 50 हजारी रहे सुमित जाट सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। चेतन की मां सावित्री और भाई मितन हत्या केस में गवाह थे।

25 जनवरी 2018

सुमित जाट व चेतन ने मितन व उसकी मां सावत्री देवी को उसके खिलाफ गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी।

1 फरवरी 2018

सावित्री देवी व उसका बेटे मितन ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने उन्हें गनर उपलब्ध करवा दिया गया। एसओ सरूरपुर को जमकर हड़काया।

3 फरवरी 2018

टाटा मैजिक में सवार होकर बदमाश उसके घर पर आए। इसके बाद सावित्री व उसके बेटे मितन को ढूंढते हुए खेत में पहुंचे। सावित्री देवी पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी।

4 फरवरी 2018

एसएसपी मंजिल सैनी ने गनर को सस्पेंड करते हुए पुलिस लाइन से चार सिपाहियों को सुरक्षा के लिए उनके घर पर भेजा।

6 फरवरी 2018

जेल से पेशी पर आए सुमित जाट ने उसके बेटे मितन को कचहरी में जान से मारने का प्रयास किया।

7 फरवरी - 2018

आनंद नर्सिग होम में भर्ती सावित्री की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ मितन ने हिम्मत दिखाते हुए हत्यारों के खिलाफ गवाही दी।

8 फरवरी 2018 मितन की कोर्ट में हुई गवाही

9 फरवरी 2018 - पुलिस ने कचहरी से सरेंडर के लिए आए सुमित जाट के पिता व 25 हजार के इनामी जगवीर को गिरफ्तार किया।

10 फरवरी 2018- कचहरी में सुमित जाट ने मितन के जीजा बबलू को दी थी जान से मारने की धमकी।

11 फरवरी 2018 - बबलू अपने परिवार के साथ सरधना थाने में गनर की मांग के लिए गया, उससे सुरक्षा नहीं दी गई।

12 फरवरी 2018 - सुबह उसकी बदमाशों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।

Posted By: Inextlive