RANCHI: दिल्ली में झारखंड की लड़कियों की तस्करी कराने के आरोपी कुख्यात तस्कर प्रभा मुनि को ट्रांजिट रिमांड पर गुरुवार को रांची लाया गया। प्रभा को सिमडेगा पुलिस अपने साथ ले गई है। सिमडेगा एएचटीयू थाने में प्रभा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। प्रभा मिंज ने रांची रेलवे स्टेशन पर मीडिया कर्मियों के साथ बदसलूकी भी की। इस दौरान उसे काफी विरोध का भी सामना करना पड़ा। कैमरे के सामने प्रभा ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। प्रभा मुनि और उसके पति रोहित मुनि के खिलाफ सिमडेगा के अलावा गुमला के बसिया थाने में भी मामला दर्ज है। प्रभा मुनि और उसका पूरा गिरोह दिल्ली में क्रिसमस के दिन आया मेला लगाते थे। इसमें झारखंड से लाई गई लड़कियों को घरेलू नौकरानी बनाने के नाम पर बड़े-बड़े घरों में पैसे लेकर बेचा जाता था।

लड़कियों की वापसी की उम्मीद बढ़ी

प्रभा मिंज द्वारा झारखंड के आदिवासी इलाकों से मासूम लड़कियों को बेहतर नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में बेचा जाता था। प्रभा की गिरफ्तारी से उन लड़कियों के वापस अपने घर लौटने की संभावनाएं बढ़ी हैं। झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में लड़कियां गायब हैं। इनके बारे में उनके माता-पिता तक को जानकारी नहीं है। प्रभा से गायब लड़कियों की जानकारी ली जाएगी।

मुख्यमंत्री तक आते थे आया मेले में

प्रभा मुनि की पहुंच का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसके आया मेला में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुख्य अतिथि थे। इसके अलावा कई बड़े अधिकारी और उद्योगपति भी मेले में शामिल होते थे और मनपसंद लड़कियों को घरेलू नौकरानी बनाने के लिए मोटी रकम चुका कर ले जाते थे। अपने रसूख को कायम करने के लिए प्रभा मुनि गिरोह मुख्यमंत्री सहित रसूखदार लोगों के साथ तस्वीरें खींचवा कर उन्हें अपने कार्यालय और सोशल साइट्स पर डालती थी।

तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी

झारखंड के मानव तस्करों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य के चिन्हित मानव तस्करों की संपत्ति का ब्यौरा निकाला जा रहा है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने तस्करों की संपत्ति की जानकारी जुटाने के लिए सभी जिलों के एसपी को पत्र भी लिखा है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने झारखंड के बड़े मानव तस्करों में गिने जाने वाले पन्नालाल की संपत्ति का ब्यौरा तैयार कर प्रवर्तन निदेशालय को भेजा था। अब पुलिस मुख्यालय को जानकारी मिली है कि पन्नालाल समेत कई अन्य तस्करों ने भी मानव तस्करी के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। ऐसे में सभी के खिलाफ नए सिरे से संपत्ति का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।

फिल्मों में पैसा लगा रहे तस्कर

दिल्ली के पंजाबी बाग में रहकर झारखंड की लड़कियों की तस्करी कराने के आरोपी रोहित, मुनि और उसकी पत्‍‌नी प्रभा मुनि झारखंड की नागपुरी फिल्मों में मानव तस्करी से अर्जित पैसा लगाते हैं। रोहित, मुनि और प्रभा मुनि के बारे में राज्य पुलिस को जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक, दोनों नागपुरी फिल्मों के प्रोड्यूसर भी हैं। रोहित की बेटी दीपशिखा मिंज नागपुरी फिल्मों की अभिनेत्री भी है।

Posted By: Inextlive