केरल में एक पति ने पत्नी को मारने के लिए सांप का सहारा लिया। पत्नी की मौत के बाद जब पुलिस ने जांच की तो पति ने वो खुलासा किया जिसे सुनकर सबके होश उड़ गए। बताते हैं कि सांप से कटवाने के लिए पति ने यूट्यूब पर कई वीडियो देखे फिर वारदात को अंजाम दिया।

कोल्लम (केरल) (एएनआई)। केरल के कोल्लम जिले के आंचल शहर में एक अनोखा केस सामने आया। यहां एक पति ने पत्नी को मारने के लिए किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया। बल्कि उसने सपेरे से एक सांप मंगवाकर पत्नी को कटवाया, जिसके बाद उसकी जान चली गई। पुलिस छानबीन में पति ने अपना गुनाह कबूल किया और इस वारदात की पूरी कहानी बताई। मृतक महिला का नाम उथरा है, उसके पति सूरज ने अपने साथी के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की।

सांप पकड़कर फेंका पत्नी पर

मौत की जांच कर रही पुलिस टीम ने रविवार को पति सूरज और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात से जुड़ी सभी बातें बताई। पुलिस के अनुसार, यह घटना उथरा के घर में 6 मई की रात को हुई जब सूरज ने एक पूर्व नियोजित मकसद के साथ, एक सांप को अपने साथ लाया, उसे एक बैग के अंदर छिपा दिया और घर में सोती हुई पत्नी पर फेंक दिया।' इसके बाद पति सूरज ने इंतजार किया और दो बार सांप को पत्नी को काटते हुए देखा। बाद में सूरज ने सांप को एक कंटेनर में डालने की कोशिश की लेकिन असफल रहा। सांप बच गया और अलमारी के नीचे चला गया। वह सारी रात जागता रहा। अगले दिन, वह घर से भाग गया। महिला के माता-पिता जब सुबह उसके घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी का मृत पाया। बाद में, कमरे से सांप भी मिला।'

पहले भी किया था ऐसा

उथरा के माता-पिता ने बताया, यह दूसरा मौका है जब सूरज ने उनकी बेटी पर सांप से हमला किया। हालांकि पहली बार वो खुशकिस्मत थी, कि सांप के काटने से बच गई। मगर इस बार जहर ज्यादा इतना फैला की उथरा की जान चली गई। पुलिस जांच में पता चला कि सूरज ने अपने दोस्त से पहले भी एक सांप मंगवाया था और 2 मार्च को अपने घर अदूर में उथरा को मारने की कोशिश की। हालांकि, वह तब बच गई थी। पुलिस की मानें तो सूरज ने सांप से मरवाने के लिए यू-ट्यूब पर सापों के कई वीडियो देखे। वह सांपों को संभालने के लिए यूट्यूब वीडियो देखते थे और इसे अपने दोस्त से भी सीखते थे, जो साँप पकड़ने वाला था।' पुलिस के मुताबिक, सूरज ने यह साजिश दूसरी शादी रचने के लिए की।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari