-पति के डर से पत्‍‌नी ने भी दिया साथ पैर बांधने में पत्‍‌नी ने की मदद पति और पत्‍‌नी गिरफ्तार -मच्छरदानी में लपेटकर घर के बाहर फेंकी लाश लिपाई कर खून साफ करने की कोशिश

 

BAREILLY: पत्‌नी को प्रेमी के साथ सोता देख पति का खून खोल उठा। पति ने पहले तो पत्‌नी की पिटाई की और फिर पत्‌नी की मदद से उसके प्रेमी के पैर बांधकर कुल्हाड़ी से गला व चेहरा काट डाला। उसके बाद मच्छरदानी में शव को लपेटकर घर के बाहर फेंक दिया। घर में खून के धब्बों को छिपाने के लिए सफाई भी कर दी। सनसनीखेज वारदात सुभाषनगर थाना के बिरिया नरायनपुर में फ्राइडे रात हुई है। प्रेमी के परिजनों ने 20 हजार रुपए लूट के इरादे से हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है लेकिन पुलिस अवैध संबंध में ही हत्या मान रही है। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पत्‌नी को हिरासत में ले लिया है।

 

परिजनों ने लूट के लिए हत्या का लगाया आरोप

20 वर्षीय नरेश, बिरिया नरायनपुर का रहने वाला है। परिजनों के मुताबिक खेतों में काम कराने के लिए नरेश 20 हजार रुपए लेकर घर से निकला था। उसे गांव के धर्मवीर, सीताराम व मनोज ने देख लिया था। नरेश रात भर घर वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की गई। सुबह उसकी लाश धर्मवीर के घर के पीछे पड़ी मिली। जब देखा तो खून के निशान धर्मवीर के घर तक गए हुए थे। घर जाकर देखा तो वहां पर भी खून निशान पड़ा था। जिसके बाद धर्मवीर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की जांच पड़ताल की तो मामला अवैध संबंध का निकला।

 

दरवाजा न खोलने पर छत से कूदकर गया

पुलिस ने जांच की तो पाया कि धर्मवीर की पत्‌नी ज्ञानदेवी का नरेश से अवैध संबंध चल रहे हैं। रात में धर्मवीर खेत पर गया हुआ था। धर्मवीर ने बताया कि वह रात में अचानक घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर उसने पत्‌नी को फोन किया लेकिन फोन भी रिसीव नहीं हुआ। जिसके बाद वह दूसरे रास्ते से घर में घुसा। उसने देखा कि उसकी पत्‌नी नरेश के साथ बिस्तर पर सोयी हुई है। जिससे उसे गुस्सा आ गया और पत्‌नी की जमकर पिटाई की। जिसके बाद उसने पत्‌नी से उसके पैर पकड़वाकर बंधवाए और फिर कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन और चेहरे पर वार किए। गांव वालों का कहना है कि नरेश का ज्ञानवती से करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग है, जबकि ज्ञानदेवी ने सिर्फ 15 दिन से अवैध संबंध की बात स्वीका की है।

 

करीब डेढ़ घंटे तक चला खूनी खेल

धर्मवीर ने बताया कि जिस वक्त वह घर पहुंचा तो उसका 10 वर्षीय भांजा भी घर पर मौजूद था। उसने उसे दूसरे कमरे में जाने के लिए कह दिया था। जब उसने नरेश को मार दिया तो फिर पत्‌नी की मदद से उसे मच्छरदानी में लपेटकर शव को अपने कंधे पर रखवाया और फिर घर के बाहर जाकर फेंक आया। उसके बाद खून को छिपाने के लिए जमीन की पुताई कर दी गई। यही नहीं उसने रात में ही घर के बाहर जाकर अपने खून से सने कपड़े गंगा नदी में जाकर फेंक दिए। इस सब में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। पुलिस ने जब भांजे से बात की तो उसने भी शव को ले जाने की बात कही है। धर्मवीर ने बताया कि उसने पहले पत्‌नी की हत्या की कोशिश की लेकिन 4 बच्चों का ख्याल आने पर छोड़ दिया।

 

अवैध संबंधों में हत्या की गई है। लूट के लिए हत्या की बात गलत है। पत्‌नी साक्ष्य मिटाने में शामिल है। लूट की धाराएं हटाकर आरोपी और उसकी पत्‌नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive