प्रियंका चोपड़ा कहती हैं कि वो जो भी काम करती हैं उसका ज़्यादा ढिंढोरा पीटने में यक़ीन नहीं रखती और बस वो काम कर देती हैं.

बीबीसी से खास बातचीत में प्रियंका चोपड़ा कहती हैं, "मेरा हमेशा से ये मानना रहा है कि बोलने से अच्छा करके दिखाओ। मैंने इस इंडस्ट्री में जो किया अपने दम पर किया। ज़्यादा बात करना मुझे पसंद नहीं."प्रियंका, अभिनेत्री तो हैं हीं। अब वो गायक भी बन चुकी हैं। उनका पहला प्राइवेट सिंगल 'इन माय सिटी' रिलीज़ हो चुका है जिसमें उनके साथ मशहूर अमरीकन रैपर विल आई एम ने भी गाया है।

प्रियंका ने बताया कि ये अभी एक ही गाना है और पूरा अलबम अगले साल तक रिलीज़ होगा जिसमें 10-12 गाने होंगे। प्रियंका ने ये भी बताया कि इस सिंगल के लिए वो एक वीडियो शूट कर रही हैं जो जल्द ही रिलीज़ होगा। इस वीडियो में उन्होंने डांस भी किया है।

इसके बारे में उन्होंने कहा, "इस वीडियो में मैंने भारतीय किस्म का डांस किया है जिसमें बॉलीवुड की खास झलक मिलेगी। मैं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को बताना चाहती हूं कि भारत की खास बातें क्या हैं। भारत और बॉलीवुड के बारे में विदेश में लोगों की बस यही धारणा है कि ये साधु, संतो, सांपो का देश है। यहां सड़कों पर गाय चलती है। मैं ये बताना चाहती हूं कि भारत और भी बहुत कुछ है। शायद मेरे इस एलबम, मेरे इस संगीत के ज़रिए लोगों की धारणा भारत के प्रति बदले."

प्रियंका ये भी मानती हैं कि उनके एक साधारण लड़की से बड़े स्टार बनने तक की दास्तां कई और लड़कियों को प्रेरित कर सकती है। वो कहती हैं, "जब मैं बरेली जैसे छोटे शहर से आकर मिस वर्ल्ड बन सकती हूं। इतनी बड़ी स्टार बन सकती हूं, तो दूसरी लड़कियां क्यों नहीं बन सकती। मेरे परिवार ने मुझे सहयोग दिया तो मैंने ये मुक़ाम हासिल किया। दूसरी लड़कियों के परिवार भी उनका साथ दें तो वो भी ये सब कुछ हासिल कर सकती हैं."

अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बात करते हुए प्रियंका ने बताया कि फिलहाल वो अमिताभ बच्चन-जया भादुरी की सुपरहिट फिल्म ज़ंजीर के रीमेक में काम कर रही हैं। जिसमें उनके साथ तेलुगू सुपरस्टार रामचरन तेजा हैं। साथ ही वो यशराज बैनर की फिल्म गुंडे में काम कर रही हैं।

Posted By: Inextlive