- फिर पांव फैलाने लगे भू- माफिया, शुरू हो गई गुंडई

- पिपराइच में जबरन चलती रही जेसीबी, देखती रही पुलिस

GORAKHPUR: शहर में भू माफियाओं ने फिर से पांव फैलाना शुरू कर दिया है। भूमि पर काबिज लोगों को जबरिया बेदखल करा दबंग कब्जा जमाने में जुटे हैं। जिले में दो जगहों पर दबंगों ने गुंडई की हद पार कर दी। कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर जबरन जेसीबी चलवाकर अपना कब्जा जमाने की कोशिश की। मामलों की शिकायत करने पर लोकल पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया। एसएसपी तक मामला पहुंचने पर पुलिस हरकत में आई। हद तब हो गई जब दबंगई, गुंडई और जोर-जबरजस्ती पर उतारू मनबढ़ों के खिलाफ एक्शन लेने के बजाय पीडि़त पक्षों पर समझौते का दबाव बनता रहा। एसएसपी ने बताया कि जिन मामलों की जानकारी मिली थी उनकी जांच के निर्देश दिए गए हैं।

केस वन

पिपराइच एरिया के जंगल धूसड़ हैदरगंज में नरसिंह प्रजापति की भूमि है। नरसिंह प्रजापति ने भूमि खरीदी थी। लेकिन उस भूमि पर एक दबंग की नजर गड़ी थी। इसलिए वह भूमि खरीदने का विरोध करता रहा। भूमि लेने के बाद नरसिंह ने उस पर अपना कब्जा जमा लिया। इस दौरान मनबढ़ों ने कई बार टिनशेड का मकान गिराकर कब्जा जमाने का प्रयास किया। लेकिन पूर्व एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज की सख्ती से कामयाब नहीं हो सके। सोमवार को अचानक 20-25 लोगों संग पहुंचे मनबढ़ों ने चहारदीवारी तोड़कर कब्जा जमाना शुरू कर दिया। शिकायत करने पर पिपराइच पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया। तब मामले की जानकारी एसएसपी को दी गई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस हरकत में आई। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बजाय पिपराइच पुलिस पीडि़त पक्ष को समझाबुझाकर मैनेज कराने में जुटी रही। जबरन कब्जा दिलाने के लिए तिवारीपुर थाना से सोना लूट में जेल भेजे जा चुके बदमाश सहित कई लोग पहुंचे थे।

केस टू

झंगहा एरिया के गहिरा में सिंकू देवी की भूमि है। उस भूमि पर कुछ लोग जबरन कब्जा करना चाहते थे। भूमि विवाद का मामला चकबंदी न्यायालय में पहुंचा तो अदालत ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी किया। आरोप है कि कोर्ट के आदेश को दरकिनार करते हुए सोमवार को कुछ लोग पहुंचे। दबंगों के पक्ष में कब्जा करने के लिए महिला का मकान तोड़ दिया। शिकायत करने पर झंगहा पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया। चर्चित सिपाहियों की मदद से दीवार चलाने की काम चलता रहा। पीडि़त पक्ष ने एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की गुहार लगाई। लेकिन उसे अपेक्षित मदद नहीं मिल सकी।

लगातार आती रही हैं शिकायतें

शहर में प्रापर्टी के अवैध कारोबार, भूमि पर कब्जा दिलाने और हटाने के मामले बढ़ने पर एक साल पूर्व सख्ती बरती गई। भूमि पर कब्जा दिलाने के बदले रुपए लेने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ जहां कार्रवाई हुई। वहीं माफियाओं पर नकेल कसने से मामले दब गए। ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई माफियाओं और उनके गुर्गो को जेल भेज दिया। भूमि पर कब्जा जमा करने, रुपए हड़पने के आरोप में नेताओं सहित कई दबंगों पर मामला दर्ज होने से भू माफिया बैक फुट पर आ गए थे। लेकिन हाल के दिनों में भू माफियाओं ने फिर से पांव फैलाना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के वहां रोजाना आने वाली शिकायतों में ज्यादातर मामले भूमि कब्जा को लेकर आ रहे थे। तहसील दिवस और समाधान में मामलों के निस्तारण के बजाय लोकल पुलिस प्रभावशाली लोगों की मदद में खड़ी हो जा रही है।

Posted By: Inextlive