-पुलिस ने पकड़ी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 आरोपी गिरफ्तार

- अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस ने यमुना नदी में चलाया अभियान

DEHRADUN: दून के विकासनगर में पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, लेकिन चालक भाग निकले। पुलिस ने फरार चालकों को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभियान के दौरान पुलिस ने यमुना नदी किनारे बसी बस्तियों में रहने वाले लोगों को सतर्क भी किया और रात में बाढ़ आदि का खतरा नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा।

पुलिस ने वाहनों को किया सीज

मंगलवार देर रात पुलिस ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में अभियान चलाकर नावघाट, भीमावाला में यमुना नदी तट क्षेत्र से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध उपखनिज की चोरी करते पकड़ा। वहीं टीम के साथ पहुंचे कोतवाल एसएस नेगी को देख चालक भारी वर्षा व अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। पुलिस ने वाहनों को सीज कर दिया और आरोपियों के खिलाफ चोरी, खनन अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की। बुधवार को पुलिस ने फरार चालकों की तलाश में छापेमारी की और नवाबगढ़ क्षेत्र से आरोपी चालक दिलनवाज पुत्र इल्ताफ निवासी भीमावाला व सरफराज पुत्र ईनाम निवासी ग्राम पाडली थाना मिर्जापुर सहारनपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभियान के दौरान पुलिस ने नदी तट किनारे रहने वाले लोगों को भी रात के समय सतर्क रहने को कहा।

Posted By: Inextlive