सर्विस लेन पर बना रखी हैं गैराज और दुकानें

कई बार चल चुका है अतिक्रमण हटाओ अभियान

Meerut। शास्त्रीनगर जैसी पॉश कालोनी में लोगों ने करोड़ों रुपये की लागत से बनी सर्विस लेन पर कब्जा कर पार्किंग व अवैध दुकानें, गैराज आदि का निर्माण कर लिया है। बावजूद इसके नगर निगम कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।

बनाई थी सर्विस लेन

दरअसल, शास्त्रीनगर में तेजगढ़ी जाने वाली मेन रोड पर रहने वाले लोगों ने अपने घर के आगे लोहे की ग्रिल लगाकर अवैध कब्जा कर लिया था। जिससे मेन रोड पर जाम की समस्या खड़ी हो गई थी। जिसके बाद आवास-विकास ने लोगों के घर के समाने अतिक्रमण को क्षतिग्रस्त करके वहां पर करोड़ों रुपये की लागत से सर्विस लेन बनाई थी। हालांकि जैसे ही आवास-विकास ने कालोनी को नगर निगम में हस्तांतरित किया, लोगों ने सर्विस लेन पर अवैध कब्जा कर लिया।

सर्विस लेन पर अवैध कब्जा

शास्त्रीनगर

एल-1 ब्लॉक

एल-2 ब्लॉक

के-ब्लॉक

डी-ब्लॉक

ई-ब्लॉक

सी-ब्लॉक मेन रोड पर लोगों ने दुकानों व घरों के सामने अवैध कब्जा कर रखा है। घरों के सामने किसी ने गैराज, किसी ने दुकानें व ठेले तक लगवा रखे है।

सर्विस लेन पर कब्जे से परेशानी

लोगों को पैदल चलने के लिए रास्ता नहीं मिलता है।

सर्विस लेन पर कब्जे से मेन रोड पर वाहनों का लोड बढ़ जाता है।

सड़क हादसों का भी ग्राफ बढ़ जाता है।

आवास-विकास ने शास्त्रीनगर क्षेत्र को नगर निगम को हस्तांतरित कर दिया है। सर्विस लेन की देखभाल करना उनके कार्यक्षेत्र में आता है।

आईपीएस सिंह, अधीक्षण अभियंता, आवास-विकास

नगर निगम या आवास-विकास अगर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाता है तो उन्हें पुलिस फोर्स तैनात की जाती है। मगर पुलिस अपनी तरफ से अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाती है।

रामअर्ज, सीओे, सिविल लाइन

शास्त्रीनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर कई बार सर्विस लेन खाली कराई गई है। अभियान खत्म होने के बाद फिर से लोग कब्जा कर लेते हैं। बुधवार को वहां फिर अभियान चलाया जाएगा।

मनोज चौहान, नगर आयुक्त

शास्त्रीनगर में बनी सर्विस लेन पर कब्जे की शिकायत कई बार नगर निगम अधिकारियों से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

अमित संगला, एल- ब्लॉक, शास्त्रीनगर

जिन मकानों के सामने सर्विस लेन बनी है। उन्हीं लोगों ने उसके उपर अवैध कब्जा कर लिया है। यही नहीं उसके ऊपर अवैध पार्किंग भी बना ली है।

मौ। अथर असलम, सेक्टर-8, शास्त्रीनगर

सर्विस लेन पर कई पक्के अवैध निर्माण हो चुके हैं। नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं करता है।

सुधीर पंवार, सी-ब्लाक, शास्त्रीनगर

शास्त्रीनगर में लोगों ने सर्विस लेन की जमीन पर दुकानें खोलकर किराए पर दे रखी हैं। इसकी शिकायत डीएम तक से कर दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

देवेंद्र धामा, चाणक्यपुरी, शास्त्रीनगर

Posted By: Inextlive