बच्चों ने किया बीचबचाव का प्रयास तो उन्हें भी पीटा

घटना के वक्त पति दिल्ली में था, मौत के बाद घर के लिए चला

ALLAHABAD: हंडिया थाना क्षेत्र के पुरेकान्ता गांव में रविवार की देर रात ससुरालियों ने बहू को पीट कर जिन्दा जला दिया। मां को बचाने के लिए बच्चों ने बीचबचाव का प्रयास किया तो उन्हें पीट कर भगा दिया गया। मामले की जानकारी पाकर जब तक महिला के मायके पक्ष के लोग उसकी ससुराल पहुंचे, उसकी मौत हो गई थी। पुलिस मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

भदोही जनपद के जगन्नाथपुर चकसुकाली गांव निवासी शिवप्रसाद तिवारी की चार पुत्रियों में सबसे छोटी ऊषा थी। उसकी शादी 19 वर्ष पूर्व हंडिया थाना क्षेत्र के पुरेकान्ता गांव निवासी दीनानाथ के चार पुत्रों में दूसरे नम्बर के संतोष मिश्रा के साथ हुई। शादी के बाद परिवार में कलह के कारण संतोष ऊषा को लेकर दिल्ली चला गया। वहीं बेटा आयुष और बेटी नैंसी पैदा हुई। दो वर्ष पूर्व संतोष ऊषा को गांव छोड़ कर दिल्ली अकेले रहने लगा। आरोप है कि रविवार को ससुर दीनानाथ, सास श्यामादेवी, देवर बबलू, राजकुमार व देवरानी महिमा मिश्र ने ऊषा पर हमला बोल दिया। पहले उसे पीटा गया और फिर मिटटी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। ऊषा के बड़े भाई राकेश तिवारी का आरोप है कि रविवार देर रात बहन ने मारपीट की जानकारी दी थी। उन्होंने उससे सुबह तक पहुंचने की बात कही थी, लेकिन रात में उसे मार डाला गया। हंडिया पुलिस ने आरोपी सास, ससुर, दो देवर व देवरानी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पीएम के लिए भेज दिया। पत्‍‌नी की मौत की जानकारी पाकर पति संतोष दिल्ली से घर के लिए चला है।

आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

सुनील सिंह, एसपी गंगापार

Posted By: Inextlive