रांची: अगर आपको भी अपने घर में किसी बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट बनवाना है तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। जी हां, रांची नगर निगम में अब किसी भी तरह का सर्टिफिकेट बनाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। एक हफ्ते के अंदर ही बर्थ सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया जाएगा, जिससे कि लोगों को परेशानी नहीं झेलनी होगी। वहीं इसके लिए आपको पैसे भी खर्च नहीं करने होंगे। बस इसके लिए खुद से जाकर अप्लाई करना होगा। वहीं प्रॉसेस के तहत सारे पेपर जमा करने होंगे। इसके बाद आपको कोई एक्स्ट्रा चार्ज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बताते चलें कि नगर निगम ने लोगों की परेशानी कम करने के लिए व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।

फैमिली मेंबर करे अप्लाई

डेथ सर्टिफिकेट बनाने के लिए अब लोगों को दौड़ लगानी नहीं पड़ेगी। कोई भी फैमिली मेंबर अपना आईकार्ड दिखाकर आवेदन कर सकता है। इसके बाद सभी कागजात देने से आवेदन एक्सेप्ट कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रक्रिया पूरी कर सर्टिफिकेट रांची नगर निगम से जारी कर दिया जाएगा। जिसे लेने के लिए परिवार का कोई भी सदस्य जिसे अधिकृत किया गया है वो सर्टिफिकेट नगर निगम से ले सकता है। ऐसे में राइट टू सर्विस एक्ट के तहत तय समय पर सर्टिफिकेट परिजनों को मिल जाएगा,जिससे कि वे अपना काम कर सकते हैं।

सिस्टम में ट्रांस्पिरेंसी

पहले रांची नगर निगम में काम कराने के लिए बिचौलिए हावी थे। जहां काम कराने के नाम पर बिचौलिए लोगों से पैसे लेते थे। चूंकि कोई भी नगर निगम में जाकर घंटों अपना टाइम बर्बाद नहीं करना चाहता था। इसी का फायदा उठाकर नगर निगम में दलाल हावी होने लगे थे। हर काम के लिए चार्ज देना पड़ता था। इसी पर रोक लगाने के लिए पूरी व्यवस्था में बदलाव किया गया। साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि सर्टिफिकेट बनाने के लिए ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों व्यवस्था है, जिसका लोग फायदा ले सकते हैं। इससे काम में भी पारदर्शिता आएगी। साथ ही कोई एक्सट्रा चार्ज भी नहीं देना होगा।

पहले लोगों को परेशानी होती थी। बिचौलिए हावी हो रहे थे। इसलिए नई व्यवस्था की गई है, जिसमें लोगों को राहत मिलेगी। वहीं काम में पारदर्शिता जरूरी है। लेकिन इसके लिए लोग खुद से काम कराने आए तो अच्छा होगा। किसी तरह की परेशानी नहीं है और न कोई एक्सट्रा चार्ज। इसके अलावा अगर कोई काम कराने के बदले पैसे मांगे तो उसकी कंप्लेन कर सकते हैं।

-आशा लकड़ा, मेयर, रांची

Posted By: Inextlive