- मुट्ठीगंज सत्तीचौरा चौराहे पर हुई घटना, दो नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

PRAYAGRAJ: दिनदहाड़े मुट्ठीगंज सत्तीचौरा चौराहे पर कृष्णा शर्मा (27) को गोली मार दी गई। पेट में गोली के कई छर्रे लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। उसके गिरते ही हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। सोमवार दोपहर तीन बजे चली गोली की आवाज सुन चौराहे पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन व लोगों ने खबर पुलिस को दी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने उसे हॉस्पिटल ले गई। इलाज बाद वह खतरे से बाहर बताया गया। मामले में घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। देर रात तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

रविवार रात हुआ था विवाद

सत्तीचौरा निवासी लालजी शर्मा पुरोहित हैं। उनके बेटे कृष्णा शर्मा की रविवार रात किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया था। उस वक्त मामला शांत हुआ तो सभी घर चले गए। बताते हैं कि बावजूद इसके विपक्ष के मन में मलाल बना रहा। दूसरे दिन यानी सोमवार दोपहर करीब तीन बजे कृष्णा सत्तीचौरा चौराहे पर खड़ा था। इस बीच पहुंचे दो में से एक युवक ने तमंचे से उस पर गोली दाग दी। गोली के कई छर्रे कृष्णा के पेट में जा लगे। इससे वह जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुन मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग दौड़ पड़े। लोग मौके पर पहुंचते इसके पहले हमलावर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कृष्णा को एसआरएन हॉस्पिटल ले गई। इलाज के बाद वह खतरे से बाहर बताया गया। वहीं परिजन उसे लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल चले गए। पुलिस के मुताबिक उसके पिता लालजी शर्मा ने मामले में मोहल्ले के ही राबिन व विमल पण्डा के खिलाफ तहरीर दी। दोनों आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश में जुट गई है।

हमलावर और घायल के बीच रंजिश थी। पड़ताल में पता चला है कि रविवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।

बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive