- शहर में हर माह होती औसतन तीन से चार घटनाएं

- फर्जी पुलिस वालों ने लगाया लाखों रुपए का चूना

GORAKHPUR: शहर के मोहल्लों में एक्टिव चेन स्नेचर महिलाओं की चेन उड़ा रहे हैं। पुलिस की तमाम कोशिशों पर पानी फेरते बदमाश आए दिन किसी न किसी महिला को निशाना बनाते हैं। चेन स्नेचिंग के डर से मॉर्निग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं ने चेन पहनना छोड़ दिया है। कई महिलाएं तो नकली ज्वेलरी से काम चला रही हैं। शनिवार की रात शाहपुर एरिया के धर्मपुर कालोनी में घर के सामने टहल रही महिला के गले से चेन लूटकर दो बदमाश फरार हो गए। हालत यह है कि पुलिस पर भारी पड़ते चेन स्नेचर हर माह कम से कम तीन से चार महिलाओं को टारगेट बनाते हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की पड़ताल सामने आया कि हर साल शहर की महिलाओं के गले से स्नेचर करीब 30 लाख के गहने लूट ले जाते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चेन स्नेचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस टीम लगी है।

लूट ले गए पति की निशानी

शाहपुर, धर्मपुर मोहल्ला निवासी एसआर शर्मा बिजली विभाग से रिटायर हुए हैं। उनकी बहू गुड्डी देवी शनिवार की रात आठ बजे घर के सामने टहल रही थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। महिला ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग जुटे। तब तक काफी देर हो चुकी थी। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि चेन गुड्डी देवी के पति की निशानी थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

फर्जी पुलिस बन उड़ा रहे गहने

शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातों से लोगों को निजात मिलती। इसके पहले फर्जी पुलिस वालों ने नींद उड़ा दी। अकेली महिलाओं को देखकर फर्जी पुलिस वाले चेकिंग के बहाने उनके बॉडी से गहने उतरवाकर फरार हो जा रहे हैं। हाल के दिनों में हुई वारदातों से रिक्शा सवार महिलाओं ने चेन पहनना छोड़ दिया है। अकेले घर से निकलने वाली महिलाओं को डर लगने लगा है। अगस्त माह में चेकिंग का झांसा देकर फर्जी पुलिस वाले 10 लाख से अधिक के गहने उड़ा चुके हैं।

इन घटनाओं में लगी भारी चपत

22 अगस्त 2019: एडीजी कैंप ऑफिस के सामने मेन रोड पर तीन-चार बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। शाहपुर की रहने वाली मुस्तरी सिद्दीकी को झांसा देकर जालसाज सोने की चार चूडि़यां, दो अंगूठी और गले की चेन लेकर फरार हो गए। सभी गहनों की कीमत चार लाख रुपए से अधिक थी।

वीसी आवास के सामने गहने लूटे

20 जुलाई 2019: डीडीयूजीयू वीसी आवास के सामने बदमाशों ने संगीता मैम का नाम बताकर महिला के गहने लूट लिए थे। फर्जी पुलिस वाले चेकिंग के बहाने उनको निशाना बनाया। करीब दो लाख रुपए की ज्वेलरी लेकर बदमाश भाग निकले। जबकि 27 जुलाई को रेलवे जीएम ऑफिस रोड पर जालसाज एक महिला की ज्वेलरी और बैग लेकर फरार हो गए थे। इसके पूर्व राजघाट एरिया में माया बाजार के पासबुक अपडेट कराकर लौट रही महिला के गले से करीब दो लाख की ज्वेलरी लेकर बदमाश भाग गए थे।

केस-

13 जून 2019: तिवारीपुर एरिया के सूरजकुंड पुल के पास बाजार जा रही महिला से बदमाशों ने चेन लूटी।

06 जून 2019: शाहपुर एरिया के पादरी बाजार में मॉर्निग वॉक पर निकली सावित्री देवी को झांसा देकर बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली।

26 मई 2019: शाहपुर एरिया के सरस्वतीपुरम कालोनी में घर के सामने झाड़ू लगा रही शारदा देवी के गले से चेन लूटकर बदमाश भाग निकले।

31 मई 2019: जंगल हकीम नंबर दो में सब्जी खरीदकर घर लौट रही रेनू श्रीवास्तव के गले से बदमाशों ने सोने का चेन लूट लिया।

10 ग्राम से ज्यादा होती एक चेन

चेन स्नेचिंग की घटनाओं में कई बार पीडि़त महिलाएं एफआईआर नहीं दर्ज कराती हैं। कम कीमत की ज्वेलरी होने पर वह थाने पर जाने से परहेज करती हैं। जबकि कुछ मामलों में फजीहत से बचने के लिए पुलिस खुद एफआईआर से परहेज करती है। जबकि चेन लूट की घटनाओं की जांच कर रहे पुलिस कर्मचारियों का कहना है कि 10 ग्राम से अधिक वजन के गहने महिलाएं पहनती हैं। लॉकेट लगी हुई चेन, मंगल सूत्र इत्यादि ज्वेलरी की कीमत 50 हजार से एक लाख रुपए तक होती है। ऐसे में चेन लुटने पर कभी-कभी ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है।

सामने आई चेन स्नेचिंग की घटनाएं

हर माह चेन स्नेचिंग की औसतन घटनाएं- 03 से 04

सोने की एक चेन की कीमत औसतन - 35 से 40 हजार रुपए

बाजार में सोने का भाव 24 कैरेट प्रति 10 ग्राम - 40,107 रुपए

बाजार में सोने का भाव 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम- 37500 रुपए

हर वारदात में होने वाला नुकसान- 40 से 50 हजार रुपए औसतन

जनवरी से अभी तक हुई घटनाएं- 19

चेन स्नेचिंग में लूटे गए गहनों की कीमत- करीब आठ लाख रुपए

जालसाजी से बदन से उतरवाए गए गहने- 10 लाख से अधिक

वर्ष 2019 - 19

वर्ष 2018 - 46

वर्ष 2017 - 55

वर्जन-

चेन स्नेचिंग की घटनाओं में आमतौर पर कोई चेन 10 ग्राम से कम वजन की नहीं होती है। बदमाशों के लिए चेन तोड़ना आसान होता है। लुटेरों के गैंग के चिन्हित किया गया है। उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही शातिरों को पकड़ लिया जाएगा।

प्रवीण कुमार सिंह, सीओ क्राइम ब्रांच

Posted By: Inextlive