भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में रोहित शर्मा की काफी आलोचना हो रही है। हिटमैन ने भारत की पारी की अच्छी शुरुआत की मगर हवाई शाॅट खेलने के चक्कर में अपना विकेट आसानी से दे आए। जिसके बाद पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने रोहित के शाॅट की खूब आलोचना की।

ब्रिस्बेन (एएनआई)। गाबा में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय पारी सधी लग रही थी, कि तभी रोहित ने गैर-जिम्मेदार शाॅट खेला और आउट हो गए। रोहित के इस तरह विकेट तोहफे में देने से पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर काफी नाराज हुए। चौथे टेस्ट की पहली पारी में रोहित ने 44 रनों की पारी खेली, लेकिन छक्का मारने की कोशिश में रोहित ने ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को अपना विकेट गिफ्ट कर दिया। उस वक्त गावस्कर चैनल 7 पर कमेंट्री कर रहे थे। उन्होंने वहीं पर रोहित के इस शाॅट की तीखी आलोचना की।

गावस्कर ने की आलोचना
गावस्कर ने कहा, 'क्यों? क्यों? क्यों? यह बेतुका शॉट है। यह एक गैर जिम्मेदाराना शॉट है। आपको पता है लान्ग ऑन पर फील्डर है। वहीं मिड-ऑन पर भी कैच लपकने के लिए एक फील्डर खड़ा था। ऐसे में ये शाॅट खेलना जरूरी नहीं था। आपने अभी-अभी कुछ गेंदों में चौका लगाया है, क्यों।" क्या आप उस शॉट को खेलेंगे? आप एक सीनियर प्लेयर हैं। आप अब उस शाॅट के लिए कोई बहाना नहीं बना सकते। यह तोहफे में दिया गया विकेट है।'

टीम इंडिया संकट में
रोहित ने शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत की। गिल तो 7 रन बनाकर आउट हो गए मगर रोहित ने शानदार बल्लेबाजी की। वह 6 चौकों की मदद से 44 रन पर पहुंच गए थे। फिर एक गैर-जिम्मेदार शाॅट खेलकर वह पवेलियन लौट गए। चाय के अंतराल पर, भारत का स्कोर 62/2 हो गया और मेहमान टीम अभी भी 307 रन से पीछे है। चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे फिलहाल 8 और 2 पर नाबाद हैं। दूसरे सत्र में, भारत ने 26 ओवर से 62 रन बनाए गए। खैर बाद में बारिश आने से दूसरे दिन का खेल जल्दी खत्म कर दिया गया।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari