भारत बनाम इंग्लैंड के बीच चेन्नई में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में रोहित शर्मा के बल्ले से शानदार शतक निकला। रोहित ने मैच के पहले दिन अपनी सेंचुरी पूरी की। इसी के साथ वह 2021 में भारत की तरफ से शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में अपना 7 वां शतक लगाया। रोहित के सभी शतक भारतीय जमीं पर बनाए गए हैं। रोहित ने 130 गेंदों पर इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला शतक जड़ा। रोहित आज सुबह से ही आक्रामक अवतार में दिखे। हिटमैन ने अपना अर्धशतक तो सिर्फ 47 गेंदों में पूरा कर लिया था।रोहित पिछले कुछ हफ्तों में बल्ले से अच्छे टच में दिख रहे थे क्योंकि चोट के बाद टेस्ट में वापसी कर रहे थे लेकिन अब तक बड़ा स्कोर हासिल नहीं कर पाए थे।

साल का पहला शतक लगाने वाले भारतीय
चेन्नई में, वह शुरुआत से ही सकारात्मक दिखे। दूसरे छोर पर भारत के विकेट गिर रहे थे। मगर रोहित ने अपना खेल नहीं बदला और 14 चौके और 2 छक्के लगाकर तिहरे अंक तक पहुंचे। बता दें इस साल किसी भारतीय की तरफ से लगाया गया यह पहला इंटरनेशनल शतक है। टीम इंडिया ने 2021 में इस मैच से पहले तीन टेस्ट खेले जिसमें दो ऑस्ट्रेलिया और एक इंग्लैंड के खिलाफ था। इन तीनों मुकाबलों में कोई भी भारतीय बल्लेबाज दोनों पारियों में शतक नहीं लगा पाया था। अब रोहित ने इस सूखे को खत्म कर दिया।

क्या रोहित बना पाएंगे एक और रिकाॅर्ड
दाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भारत की पारी के कुल रनों में 68.29 परसेंट रन अकेले बनाए हैं। खबर लिखे जाने तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 178 रन बना लिए, जिसमें 122 रन रोहित के बल्ले से निकले। अभी तक किसी टेस्ट पारी में परसेंट के हिसाब से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। हालांकि इनिंग खत्म होना बाकी है। वैसे ओवरऑल रिकाॅर्ड देखें तो किसी एक संपूर्ण पारी में सबसे ज्यादा परसेंट रन बनाने वाले बल्लेबाज चार्ल्स बनरमैन हैं, जिन्होंने 67.34 परसेंट रन बनाने के साथ 1877 में पहले टेस्ट में यह कारनामा किया था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari