वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला साउथैम्प्टन में खेला जा रहा है। मैच में तीन दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई। जवाब में तीसरे दिन के अंत तक न्यूजीलैंड ने दो विकेट खोकर 101 रन बना लिए हैं।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच साउथैम्प्टन में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जा रहा है। मैच का पहला दिन बारिश में धुल गया। दूसरे दिन खेल की शुरुआत हुई। न्यूजीलैंड ने टाॅस जीतकर भारत को पहले बैटिंग का न्यौता दिया। भारत की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई। जवाब में कीवियों ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट खोकर 101 रन बना लिए। दूसरा विकेट दिन की आखिरी गेंद पर काॅन्वे के रूप में गिरा।

न्यूजीलैंड को मिली सधी शुरुआत
न्यूजीलैंड को ओपनर्स ने सधी शुरुआत दिलाई। डेवन कानवे और टाॅम लेथम ने भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी की। हालांकि कीवियों को पहला झटका लेथम के रूप में लगा। लेथम 30 रन बनाकर अश्विन का शिकार बने। इसके बाद डेवन कानवे भी ईशांत शर्मा की गेंद पर मोहम्मद शमी को कैच थमा बैठे।

भारत का निचला क्रम हुआ फ्लाॅप
भारत की पहली पारी लंबी नहीं चली। पूरी टीम मिलकर 217 रन ही बना पाई। निचले क्रम ने ज्यादा सहयोग नहीं दिया। ओपनर रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। मगर रोहित के 34 रन पर आउट होते ही टीम इंडिया को पहला झटका लग गया। इसके बाद गिल भी 28 रन पर पवेलियन लौटे। चेतेश्वर पुजारा से बड़ी उम्मीद थी लेकिन वह 54 गेंदें खेलकर मात्र 8 रन बना पाए। हालांकि कोहली और रहाणे ने फिर से साझेदारी की मगर विराट अर्धशतक लगाने से पहले 44 रन पर चलते बने। इसके बाद रहाणे भी 49 रन पर नील वैगनर का शिकार हो गए। पंत उम्मीद के मुताबिक बैटिंग नहीं कर पाए और 4 रन पर काइल जैमीसन का शिकार बने। इसके बाद जडेजा 15, अश्विन ने 22 रन की इनिंग खेली। आखिरी चार विकेट तीन गेंदों पर गिरे। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जैमीसन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari