भारत में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कुल 22 हजार से ज्यादा लोग कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। एक्सपर्ट की मानें तो मुंबई में हुई तेज बारिश के चलते महामारी तेजी से फैल रही है।


मुंबई (रायटर्स)। भारत में पिछले 24 घंटे में अभी तक के एक दिन में सबसे ज्यादा केस रिकाॅर्ड किए गए। शुक्रवार से लेकर शनिवार तक 22 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हुए। यही नहीं एक दिन में कुल 442 मौतें भी रिकाॅर्ड की गई। संक्रमितों की संख्या में यह इजाफा देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश के आने से हुआ है। पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र में आर्थिक राजधानी मुंबई में शनिवार को वायरस के 6,364 ताजा मामले दर्ज किए गए और कोविड ​​-19 से 198 लोगों की मौत हुई।मुंबई में और बारिश की चेतावनी


स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को भारत दुनिया में तीसरा सबसे अधिक कोरोना संक्रमितों वाला देश बन गया। भारत में कोरोना के केस 648,000 से अधिक है। भारत से ज्यादा संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्राजील और रूस में कोरोना केस पाए गए हैं। मुंबई में अधिकारियों ने निवासियों को तट से दूर रहने की चेतावनी दी, क्योंकि अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून आमतौर पर शहर के कई हिस्सों में जलभराव का कारण बनता है जिससे कोरोना फैलने का खतरा बढ़ सकता है। आने वाले कुछ हफ्तों में बढ़ सकता है खतरा

महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा संक्रमितों वाला राज्य तमिलनाडु है। जहां कोरोना पाॅजिटिव लोगों की संख्या 1 लाख के पार हो गई। भारत ने वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए मार्च में कठोर लॉकडाउन लगाया था, लेकिन आर्थिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए हाल के हफ्तों में इसे कम कर दिया गया है। महामारी विज्ञानियों ने चेतावनी दी कि भारत में कोरोना का खतरा आने वाले कुछ हफ्तों और महीनों में बढ़ जाएगा।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari