पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोविड-19 से 279 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण के कुल 276583 मामलों के साथ भारत दुनिया का ऐसा पांचवां देश बन गया है जहां कोरोना वायरस की भयावह स्थिति है।

नई दिल्ली (पीटीआई)। देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 7,745 पहुंच गई है। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस से संक्रमित कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,76,583 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान बुधवार सुबह 8 बजे तक देश में कोविड-19 से 279 लोगों ने दम तोड़ दिया और 9,985 नये लोग कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अमेरिका, ब्राजील, रूस और यूके के बाद भारत दुनिया का पांचवां ऐसा देश बन गया है जहां कोरोना वायरस से संक्रमण भयावह स्थिति में पहुंच गई है।

सबसे ज्यादा 120 मौतें महाराष्ट्र में

मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि देश में अभी 1,33,632 एक्टिव मामले हैं जिनका या तो उपचार चल रहा है या फिर वे क्वाॅरंटीन में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। 1,35,205 लोग ठीक होकर अस्पताल से अपने घर जा चुके हैं। कोरोना संक्रमण का एक मरीज ठीक होने के बाद देश से बाहर जा चुका है। इसमें कहा गया है कि 48.99 प्रतिशत मरीज स्वास्थ हो चुके हैं। कोविड-19 पुष्टि किए गए कुल मामलों में विदेशी भी शामिल हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित 279 नई मौतों में 120 महाराष्ट्र में, 33 गुजरात में, 31 दिल्ली में, 21 तमिलनाडु में, 18 उत्तर प्रदेश में, 11 तेलंगाना में, 10 पश्चिम बंगाल में, 9 राजस्थान में, 6 मध्य प्रदेश में, 6 हरियाणा में, 3 जम्मू और कश्मीर में, 2 पंजाब में, 2 कर्नाटक में, 2 छत्तीसगढ़ में और 2 आंध्र प्रदेश, 1 बिहार में, 1 झारखंड में और 1 त्रिपुरा में है।

महाराष्ट्र के बाद गुजरात दूसरा राज्य

कोविड-19 के कारण देश में अब तक हुई 7,745 मौतों में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 3,289, गुजरात में 1,313, दिल्ली में 905, मध्य प्रदेश में 420, पश्चिम बंगाल में 415, तमिलनाडु में 307, उत्तर प्रदेश में 301, राजस्थान में 255 और तेलंगाना में 148 मौतें शामिल हैं। आंध्र प्रदेश में मौतों की संख्या 77, कर्नाटक में 66 और पंजाब में 55 मौतें हो चुकी हैं। जम्मू और कश्मीर में अब तक 48 मौतों की रिपोर्ट हो चुकी है। हरियाणा में अब तक 45, बिहार में 32, केरल में 16, उत्तराखंड में 13, ओडिशा में 9, झारखंड में 8 और छत्तीसगढ़ में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में अब तक 5-5 तथा असम में 4 मौतें हो चुकी हैं। मेघालय, त्रिपुरा और लद्दाख में 1-1 मौतें हो चुकी हैं। मंत्रालय का कहना है कि 70 प्रतिशत मौतें कोरोना के साथ अन्य बीमारियों की वजह से हुईं हैं।

Posted By: Satyendra Kumar Singh