India vs New Zealand 2nd Test भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च के हेग्ली ओवल मैदान में खेला जा रहा। आज टेस्ट का पहला दिन था। भारत ने पहले खेलते हुए 242 रन बनाए। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने बिना विकेट खोए 63 रन बना लिए हैं।

कानपुर। India vs New Zealand 2nd Test न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया क्राइस्टचर्च के हेग्ली ओवल मैदान पर दूसरा टेस्ट खेल रही है। आज टेस्ट का पहला दिन था पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने पहली पारी में 242 रन बनाए। आखिर में मोहम्मद शमी ने लागतार दो छक्के जड़कर दर्शकों को मनोरंजन किया मगर वह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। शमी के आउट होते ही भारत की पारी समाप्त हो गई। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 55 रन हनुमा विहारी ने बनाए। वहीं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाए। हालांकि दिन के खेल के अंत तक न्यूजीलैंड ने अपनी पहली इनिंग में बिना विकेट खोए 63 रन बना लिए हैं।

पृथ्वी शॉ ने लगाई फिफ्टी

पहले दिन के शुरुआत में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। चूंकि पिच पर काफी घास है, ऐसे में फर्स्ट इनिंग में बैटिंग करना यहां आसान नहीं। विलियमसन ने टॉस जीतकर पिच का फायदा उठाते हुए गेंदबाजी चुनी और उनके गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित भी किया। भारत की तरफ से मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ एक बार फिर ओपनिंग करने आए। हालांकि मयंक तो पिछले टेस्ट की तरह इस बार भी फ्लॉप रहे और 7 रन के स्कोर पर आउट हो गए। मयंक का शिकार ट्रेंट बोल्ट ने किया। इसके बाद शॉ और पुजारा ने पारी को संभाला। एक तरफ जहां पुजारा धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढ़ा रहे थे, वहीं शॉ लगातार स्ट्रोक खेले जा रहे थे। इस बीच शॉ ने छक्का मारकर अपना अर्धशतक भी पूरा किया। हालांकि इसके बाद एक रन लेते ही अगली गेंद पर स्लिप में कैच थमा बैठे। इसी के साथ शॉ की अर्धशतकीय पारी का अंत हुआ। शॉ का विकेट काइल जैमीसन ने लिया।

विराट कोहली फिर हुए फ्लॉप

पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली क्रीज पर आए। कोहली से फैंस को बहुत उम्मीदें थी, हालांकि शुरुआत में वह संभलकर खेल रहे थे मगर टिम साउदी की एक गेंद उनके पैड से जा टकराई और अंपायर ने उंगली खड़ी कर दी। इसी के साथ कोहली मात्र 3 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।

विहारी-पुजारा ने लगाया अर्धशतक
कोहली के जल्दी पवेलियन लौट जाने के बाद हनुमा विहारी और चेतेश्वर पुजारा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। इस बीच पहले पुजारा ने अर्धशतक पूरा किया और फिर विहारी ने फिफ्टी लगाई। हालांकि यह दोनों बल्लेबाज खतरनाक साबित होते, उससे पहले नील वैगनर ने विहारी को आउट कर ये मजबूत साझेदारी तोड़ दी। विहारी 55 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके थोड़ी देर बाद शॉर्ट पिच गेंद पर पर पुजारा भी हवाई शॉट खेल बैठे और 54 रन पर आउट हुए। पुजारा का शिकार काइल जैमीसन ने किया।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari