पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। इस दाैरान मोर्टार की जबर्दस्त फायरिंग में भारतीय सेना का एक सूबेदार शहीद हो गया। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी संघर्ष विराम उल्लंघन का जवाब देते हुए उसके दो जवानों को मार गिराया।


नई दिल्ली (एएनआई)। भारतीय सेना ने कल रात पाकिस्तानी युद्धविराम उल्लंघनों का जवाब आर्टिलरी और मोर्टार फायर से दिया। इससे पाकिस्तानी सेना के कई ठिकानों पर नुकसान पहुंचा है। सेना के सूत्रों ने एएनआई को बताया कि भारतीय सेना के एक सूबेदार ने पाक गोलीबारी में अपनी जान गंवा दी। कल रात उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के साथ संघर्ष विराम उल्लंघन हुआ। भारतीय सेना ने उचित जवाबी कार्रवाई की वहीं पाक ने माना है कि भारतीय सेना ने भी उसके दो सैनिकों को पाक के कब्जे वाले कश्मीर के देवा में मार गिराया। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने हाल ही में कहा था कि नियंत्रण रेखा पर स्थिति बिगड़ सकती है और भारतीय सेना एस्केलेटर मैट्रिक्स के लिए हमेशा तैयार है। इस महीने की शुरुआत में केंद्र ने राज्यसभा को सूचित किया था कि भारतीय सेना ने उचित जवाबी कार्रवाई की है।


संघर्ष विराम उल्लंघन की 950 घटनाएं हुई

केंद्रीय मंत्री नाइक ने राज्यसभा में कहा था कि अगस्त से अक्टूबर तक जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की 950 घटनाएं हुई हैं। ऐसे में युद्धविराम और घुसपैठ के उल्लंघन को पाकिस्तान के अधिकारियों के साथ हॉटलाइन, फ्लैग मीटिंग, सैन्य संचालन महानिदेशालय की वार्ता के साथ-साथ दोनों देशों के बीच राजनयिक चैनलों के माध्यम से उठाया जा रहा है।

Posted By: Shweta Mishra